Hindi NewsUttar-pradesh NewsMoradabad NewsTraffic Awareness Month Shiv Sena Rally Violates Traffic Rules in Moradabad
यातायात माह में शिव सैनिकों ने उड़ाईं नियमों की धज्जियां

यातायात माह में शिव सैनिकों ने उड़ाईं नियमों की धज्जियां

संक्षेप: Moradabad News - मुरादाबाद में नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है, लेकिन रविवार को शिव सेना (शिंदे गुट) की रैली में यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ। बिना हेलमेट के युवक बाइक चला रहे थे और कारों की छतों पर लोग खड़े थे। पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया है और जांच की प्रक्रिया शुरू की है।

Mon, 10 Nov 2025 01:06 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मुरादाबाद
share Share
Follow Us on

मुरादाबाद। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके बावजूद रविवार को बिना अनुमति लिए शहर में निकली शिव सेना (शिंदे गुट) की रैली में यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। बाइक पर तीन-तीन युवक बिना हेलमेट के नारेबाजी करते नजर आए। कारों की छतों और विंडो से सिर निकलकर लोग रैली में चलते दिखे। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। रैली के वीडियो और फोटो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। एसपी सिटी ने जांच कर कार्रवाई कराने की बात कही है। हाल ही में शिव सेना (शिंदे गुट) का जिला प्रमुख नन्हे चौधरी को बनाया गया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शनिवार को नए जिला प्रमुख के भव्य स्वागत के लिए रैली का आयोजन किया था। कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास से दोहपर में रैली शुरू हुई। जिसमें दर्जनों कारें और बाइकें शामिल थीं। रैली रेलवे स्टेशन से शुरू होकर कपूर कंपनी, फव्वारा चौराहा होते हुए पीली कोठी पर पहुंच कर संपन्न हुई। हैरान करने वाली बात यह है कि इस रैली के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति पुलिस-प्रशासन से नहीं ली गई थी। इसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में लोग रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान एक-एक बाइक पर तीन-तीन, चार-चार युवक बिना हेलमेट के फर्राटा भरते और हुड़दंग करते नजर आए। इतना ही नहीं खुद रैली का नेतृत्व करने वाले लोग लोडर वाहन छोटा हाथी के केबिन के ऊपर बैठकर आगे-आगे चलते दिखे। लोडर वाहन में दर्जनों लोग हाथों में झंडा लेकर सवार दिखे। इसके अलावा कई युवक कारों की छतों पर खड़े होकर या बैठकर और करों के विंडो से बाहर निकल कर स्टंट करते दिखे। कुल मिलाकर रैली के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को ताक पर रखकर मनमानी की गई। यह हाल तब रहा जबकि नवंबर माह को पुलिस यातायात माह के रूप में मना रही है। इसमें ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरुक करने के लिए तरह-तरह के जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। एक ओर जहां अभियान चल रहा है वहीं दूसरी ओर रैली के दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। शाम को इस रैली के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अधिकारियों ने इसका संज्ञान ले लिया। मामले में एसपी सिटी ने जांच कर कार्रवाई करने का आदेश अधीनस्थों को दिया है। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को रैली निकालने की किसी ने कोई अनुमति नहीं ली थी। रैली के दौरान वाहनों पर स्टंटबाजी की जानकारी मिली है। कुछ फोटो और वीडियो सामने आए हैं। जिसके आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी मेरे जिला प्रमुख बनने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी में जुलूस निकाला। रैली के लिए अपलाई भी किया था। किसी ने कोई नियम नहीं तोड़ा। नन्हे चौधरी, जिला प्रमुख शिव सेना शिंदे गुट