बिलारी में पुलिस का पैदल गश्त अभियान, व्यापारियों व नागरिकों से किया संवाद
नगर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कोतवाली बिलारी पुलिस ने पैदल गश्त एवं चेकिंग अभि

नगर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कोतवाली बिलारी पुलिस ने पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख चौराहों, नई सड़क, सराफा मार्केट एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन जांच की, साथ ही बाजार क्षेत्र में पहुंचकर व्यापारियों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी बातचीत की और क्षेत्र में किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अपराध अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने लोगों को पुलिस सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। नगरवासियों से भी अनुरोध किया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अभियान के दौरान कोतवाली बिलारी का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सक्रियता एवं सतर्कता से व्यापारियों तथा आम नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास जताया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


