अंतिम यात्रा के दौरान अभद्रता से तनाव, पुलिस की तत्परता से टला विवाद

हिन्दुस्तान, मुरादाबाद
Follow us on Google News
share

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतूपुरा में अंतिम यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने गाली-गलौज की, जिससे तनाव पैदा हो गया। मृतक गजराम सिंह के परिजनों ने संयम बरता और अंतिम संस्कार को प्राथमिकता दी। पुलिस ने तेजी से मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अंतिम यात्रा के दौरान अभद्रता से तनाव, पुलिस की तत्परता से टला विवाद

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतूपुरा में अंतिम यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने गाली-गलौज कर दी जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और परिजनों के संयम के चलते स्थिति बिगड़ने से बच गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतूपुरा निवासी गजराम सिंह पुत्र राम सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। शुक्रवार को परिजन एवं ग्रामीण उनकी अंतिम यात्रा लेकर श्मशान घाट जा रहे थे। आरोप है कि रतूपुरा-शरीफ नगर मार्ग स्थित एक बस्ती के समीप कुछ युवकों ने अंतिम यात्रा को देखकर अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।

बताया जाता है कि मृतक के परिजनों ने समझदारी का परिचय देते हुए पहले अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी और बाद में घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रानी नागल चौकी प्रभारी एवं डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराई। मृतक के भतीजे प्रमोद ने बताया कि गांव के ही तीन युवक पहले से वहां मौजूद थे। जैसे ही अंतिम यात्रा वहां पहुंची, उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में गांव की ओर भाग गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों का कहना है कि कुछ शरारती तत्वों की इस हरकत से क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता था, लेकिन समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में रही। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है ।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।