ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मुरादाबादबारिश से लुढ़का पारा, बढ़ी ठिठुरन

बारिश से लुढ़का पारा, बढ़ी ठिठुरन

मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के अनुरूप बुधवार को मौसम का मिजाज बदला। तड़के से पूर्वान्ह तक रुक रुककर बारिश हुई। आसमान पर घने बादल और फुहारें पड़ने के चलते रोशनी काफी कम हो गई। बारिश रुकने और घने...

बारिश से लुढ़का पारा, बढ़ी ठिठुरन
हिन्दुस्तान टीम,मुरादाबादWed, 06 Feb 2019 07:18 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के अनुरूप बुधवार को मौसम का मिजाज बदला। तड़के से पूर्वान्ह तक रुक रुककर बारिश हुई। आसमान पर घने बादल और फुहारें पड़ने के चलते रोशनी काफी कम हो गई। बारिश रुकने और घने बादल छंटने के बाद ही दिन का एहसास हुआ।

मजबूत पश्चिमी विक्षोभ ने मंगलवार देर रात मुरादाबाद में दस्तक दी। बुधवार तड़के हल्की बारिश हुई। सुबह छह बजे के बाद बूंदाबांदी फिर शुरू हो गई। बारिश के चलते शहर में कई जगहों पर कीचड़ फैल गया। जिससे लोगों को असुविधा हुई। सीवर खुदाई के लिए शहर में जगह जगह खुदे गड्ढों के आसपास बारिश की वजह से कीचड़ की समस्या ने लोगों को ज्यादा परेशान किया। पूर्वान्ह साढ़े दस बजे बारिश थम गई, लेकिन आसमान पर आंशिक बादल छाए रहने से धूप की चमक फीकी रही। नम और सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। दिन का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस और पिछले चौबीस घंटे में रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। बादल छाए रहने से रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। शहर में करीब तीन मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।

गरज के साथ और बरसेंगे बादल

शहर के मौसम पर पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी दो दिन और दिखाई देगा। गुरुवार और शुक्रवार को एक या दो बार गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। घने बादल छाने पर तेज हवा चल सकती है। कहीं कहीं ओले भी गिर सकते हैं। दिन के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

पंद्रह फरवरी को फिर बिगड़ेगा मौसम

शुक्रवार तक मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बने रहने के बाद आसमान साफ होगा। हल्का कोहरा और धुंध छाएगी। रात का न्यूनतम तापमान घटेगा। करीब पांच दिन मौसम साफ रहने के बाद पंद्रह फरवरी को मौसम फिर बिगड़ने का अंदेशा है। पंद्रह से सत्रह फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें