
गोशाला में चारा संकट में अक्का पांडे के ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
Moradabad News - भोजपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अक्का पांडे के अधिकारी को पशुओं के चारे के प्रबंधन में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी की टीम ने गोशालाओं का निरीक्षण किया, जिसमें चारे की कमी पाई गई। इस मामले की विभागीय जांच का आदेश दिया गया है।
भोजपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अक्का पांडे के ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई गांव की गोशाला में पशुओं के चारे के प्रबंधन के आरोप में की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई की है। बेहिसाब ठंड के दौरान पशु शालाओं में चारे के इंतजाम, प्रकाश सहित हैलोजन लाइट के इंतजाम की जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने टीम को फील्ड में भेजा था। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और क्षेत्रीय तहसीलदार ने क्षेत्र के 15 गांवों की गोशालाओं का निरीक्षण किया था। अक्का पांडे की पशुशाला में हरा चारे का इंतजाम नहीं था।
इसके बाद अफसरों की टीम ने ग्राम पंचायत अधिकारी धनेंद्र सिंह पाल से पूछताछ की थी। सचिव की ओर से जिस किसान के खेत से चारे की आपूर्ति की जानकारी दी गई, वह बात झूठी निकली। टीम ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को रिपोर्ट सौंपी दी थी। मामले में जिम्मेदारी के निर्वाह में लापरवाही बरतने और मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता वाले पशुशाला प्रबंधन की चूक के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी को डीपीआरओ आलोक शर्मा ने निलंबित कर दिया है। प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाएगी। एडीपीआरओ को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। दुर्घटना में घायल दो पशुओं की हुई मौत मुरादाबाद। भटावली ग्राम पंचायत की अस्थाई गोशाला के दो गोवंशों की मौत प्रकरण की शनिवार को विभाग की टीम ने जांच की। यहां सात पशु बीमार हैं। जिन दो पशुओं की मौत हुई है वे सड़क हादसे में घायल होने के बाद यहां लाए गए थे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.सुनील दत्त प्रजापति का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव और विभाग के चिकित्सक ने मामले की रिपोर्ट दी है। यहां चारा, भूसा, लाइट और हैलोजन लाइट का पूरा इंतजाम है। मृत गोवंश सड़क हादसा के बाद यहां लाए गए थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




