ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मुरादाबादछठ महोत्सव में अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य

छठ महोत्सव में अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य

महानगर में छठ महोत्सव की धूम रही। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और सुबह छठ मां की पूजा की और शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान घाट घाट भजन कीर्तन से गुंजायमान रहे। दोपहर से ही लोगों ने ढोल...

छठ महोत्सव में अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य
हिन्दुस्तान टीम,मुरादाबादThu, 26 Oct 2017 08:07 PM
ऐप पर पढ़ें

महानगर में छठ महोत्सव की धूम रही। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और सुबह छठ मां की पूजा की और शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान घाट घाट भजन कीर्तन से गुंजायमान रहे। दोपहर से ही लोगों ने ढोल और बैंड की गूंज के साथ घाटों पर पहुंचना शुरू कर दिया था। युवाओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।

पर्व को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा गया। सुबह से ही लोग पकवान आदि बनाने शुरू कर दिये। दोपहर से लोगों ने कोरे कपड़े पहन कर सिर पर बांस की बनी टोकरी में फल और अन्य पकवान लेकर अपने अपने घाटों पर पहुंना शुरू कर दिया। यहां भी दोपहर से ही भजन कीर्तन की धूम रही। श्रद्धालुओं और व्रतधारियों ने मां छठ की पूजा अर्चना की। सायं सूरज ढलते ही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देना शुरू कर दिया। इस दौरान घाटों पर भीड़ उमड़ी रही। अर्घ्य देने के बाद भी काफी देर तक जुटे रहे।

प्राचीन शिव मंदिर

कपूर कंपनी पूल के नीचे स्थित प्राचीन शिव मंदिर को सुबह से ही सजाना संवारना शुरू हो गया। मंदिर में भजनों की गूंज भी आरंभ हो गई। दोपहर से ढोल नगाड़ों के साथ लोग बांस की टोकरी में फल आदि भोग लेकर पहुंचने लगे। सायं तक मंदिर परिसर भीड़ से भर गया। व्रतधारियों ने मंदिर में बने तट पर पूजा अर्चना की। उन्होंने सूरज का अस्त होना शुरू होते ही अर्घ्य देना शुरू कर दिया। इसके बाद सुबह सूर्योदय को अर्घ्य देने की तैयारियां शुरू हो गई।

केजीके कालेज लाइनपार

केजीके कालेज के पास अस्थायी घाट बनाया गया। यहां भी दोपहर से ही व्रतधारी लोगों ने पूजा अर्चना शुरू कर दी। उन्होंने मां छठ को भोग लगाया और मन्नतें मांगीं। सायं अस्ताचलगामी सूर्य का अर्घ्य दिया गया। यहां नगर विधायक रितेश गुप्ता भी शामिल हुए। युवाओं ने आतिशबाजी की। इसके बाद लोग सूर्योदय को अर्घ्य देने की तैयारी में जुट गए। माधुरी पांडे, अमरेंद्र ठाकुर,श्री कृष्ण पाठक,मुकेश पाठक, राज किशोर, एसके सिंह, पीएन पांडे आदि व्यवस्था में रहे।

बुद्धि विहार सेक्टर दो

बुद्धि विहार सेक्टर दो स्थित ग्रीन पार्क में बने घाट में महिलाएं सुबह से ही पूजा अर्चना में जुट गईं। दोपहर तक भीड़ हो गई। भजनों की गूंज ने माहौल भक्तिमय कर दिया। सायं मां छठ को भोग अर्पित किया गया। अंत में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। कल्पना भंडारी, सुशीला भारती, निशा अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, अनीता नागपाल, मनोज गुप्ता आदि का सहयोग रहा।

हुल्का मंदिर कंपूर कंपनी

कपूर कंपनी स्थित हुल्का मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह से ही लोगों ने पहुंचकर सफाई आदि की। दोपहर से व्रतधारियों ने मंदिर में बने घाट पर पहुंचना शुरू कर दिया। इस दौरान भजन कीर्तन होते रहे। सायं सूर्य को अर्घ्य दिया गया। प्रदीप खंडूरी, विमला देवी, कमला, पूनम आदि शामिल रहे।

राम गंगा किनारे चट्टा पुल घाट

पूर्वांचल जन कल्याण संस्था ने कांठ रोड पर चट्टा पुल के पास राम गंगा किया घाट बनाकर पूजा अर्चना की। घाट को केले के पेड़ों से सजाया गया। दोपहर ढ़ाई बजे से लोग पकवान और भोग लेकर पहुंचने लगे। सूर्य को अर्घ्य देने से पहले घाट दीपों से जगमगा उठा। पूजा में बड़ी संख्या में पूर्वांचल वासियों ने भाग लिया। सानिध्य सचिव अशोक चतुर्वेदी का रहा।

इसके साथ ही लाइनपार, बुद्धि विहार, बंगला गांव, नया गांऔर कटघर सहित महानगर के कई क्षेत्रों में छठ पूजा कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया।

भोग यह भी रहे शामिल

मुरादाबाद। भोग में गन्ने का खास महत्व है। इसलिए गन्ने के साथ ठकुआ, बुसवा, गुझिया, गुड़ की खीर, सभी प्रकार के फल, दिनभर तैयार किए गए पकवान, लौकी, मूली सहित सब्जियों आदि शामिल रहे।

स्वयं ही करनी होती है पूरी पूजा

मुरादाबाद। छठ पूजा में किसी पुरोहित अथवा आचार्य की जरूरत नहीं होती। सभी पूजा और मंत्रोच्चारण खुद ही करने पड़ते हैं। लाइनपार केजीके कालेज के पास निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पूजा में स्वयं सभी विधि विधान करने के कारण इसका खास फल मिलता है।

सुबह से ही सजाए जाते रहे घाट

मुरादाबाद। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए स्थायी और अस्थायी घाटों को खूबसूरती के सजाया गया। चट्टा पुल के पास रामगंगा किनारे बनाए गए घाट को केले के पेड़ों और लाइटों से सजाया गया है। केजीके कालेज के पास बने अस्थायी घाट को पेपर और बिजली की झालरों सहित फूलों से सजाया गया। कपूर कंपनी पुल के नीचे स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रंगाई-पुताई की गई। दूर सड़क तक पेपर और बिजली की झालरों के साथ मंदिर रोशनी में नहाया रहा। बुद्धि विहार स्थित ग्रीन पार्क, हुल्का देवी मंदिर कपूर कंपनी, कटघर होली का मैदान आदि क्षेत्रों में बने घाटों को भी फूल और पेपर झालरों से सजाया गया है।

अर्घ्य देने के बाद भी जारी रहा व्रत

मुरादाबाद। छठ महोत्सव में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद भी व्रतधारियों को व्रत जारी रहा। लाइनपार निवासी कृष्ण पाठक ने बताया कि यह व्रत शुक्रवार की सुबह उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने और भोग लगाने के बाद ही पूर्ण होगा।

घाटों पर घूमते रहे मोबाइल, लीं गईं सेल्फी

मुरादाबाद। लगभग सभी घाटों पर कैमरे और मोबाइल घूमते रहे। खास की युवाओं में सेल्फी लेने का खास क्रेज रहा। उन्होंने घाट पर पूजा और अर्घ्य देते पलों को यादगार बनाने के लिए मोबाइल और कैमरों में कैद किया। युवकों की अपेक्षा युवतियों में यह क्रेज अधिक रहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें