आंधी-बारिश के बाद दिल्ली रोड और नया मुरादाबाद में रातभर गुल रही बिजली
मुरादाबाद में शनिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई क्षेत्रों में रातभर बिजली नहीं आई, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग अधिकारियों से संपर्क करने में असफल रहे और गर्मी में रात गुजारने को मजबूर हुए। उपभोक्ताओं ने विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

मुरादाबाद। शनिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद शहर के दिल्ली रोड और नया मुरादाबाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद पूरी रात बहाल नहीं हो सकी, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों के अनुसार शाम को बिजली गुल होने के बाद लगातार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने टोल-फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई, हालांकि वहां से भी समस्या के समाधान को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। लोगों का कहना है कि संबंधित जेई से संपर्क करने पर बताया गया कि आंधी के कारण बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया है, जिसे ठीक कराने का काम चल रहा है।
इसके बावजूद पूरी रात बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा। लंबे समय तक बिजली नहीं आने के कारण अधिकांश घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए।हालात ऐसे हो गए कि कई परिवारों को गर्मी से राहत पाने के लिए छतों पर रात गुजारनी पड़ी। वहीं छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सही सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


