शीतलहर के तेवर कड़े, बर्फीली हवा ने कंपाए हाड़

Jan 13, 2026 07:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुरादाबाद
share Share
Follow Us on

Moradabad News - मुरादाबाद में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में घने कोहरे और संभावित बारिश की चेतावनी दी है।

शीतलहर के तेवर कड़े, बर्फीली हवा ने कंपाए हाड़

मुरादाबाद। पूस के बाद अब माघ के महीने में पड़ रही कड़ाके की ठंड के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। मुरादाबाद में सोमवार रात से मंगलवार पूर्वाह्न तक भयंकर ठंड के हालात रहे। हाथ पैर काट देने और हांड़ कंपकंपा देने वाली बर्फीली हवा के बीच घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाए रहने के चलते दृश्यता बेहद कम रही। शहर में कई सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। सुबह दस बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ। मध्यान्ह से पहले कोहरे की चादर छंट जाने के चलते धूप खिली, लेकिन, पश्चिम दिशा से चल रही बेहद सर्द हवा धूप की गर्माहट पर भारी पड़ती महसूस हुई।

धूप ढलने के बाद बर्फीली हवा ने एक बार फिर जनजीवन पर अपना कब्जा स्थापित कर लिया। बेहद सर्द हवा ने अधिकतर लोगों को घरों में ही दुबक जाने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग की तरफ से अगले तीन दिनों तक मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रात से सुबह तक बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की गई है। मुरादाबाद में मंगलवार को रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जोकि बीते दिन की तुलना में एक डिग्री अधिक है, लेकिन, इससे शीतलहर के प्रकोप में कोई कमी नहीं आई। पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवा ने भीषण ठंड के एहसास को बढ़ा दिया। अंदेशा: बारिश बढ़ा सकती है ठंड का प्रकोप मुरादाबाद। कड़ाके की ठंड के लगातार बने सिलसिले के बीच मौसम विभाग की तरफ से जल्द ही बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 18 व 19 जनवरी को मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में आसमान पर बादल छाए सकते हैं और हल्की बारिश भी होने के आसार हैं। बारिश से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।