Moradabad News: अंतिम तिथि आज, स्कॉलरशिप पोर्टल ठप, छात्रवृत्ति पर संकट
Moradabad News: मुरादाबाद के हिन्दू कॉलेज के छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति पोर्टल के लगातार तीन दिनों से ठप रहने के कारण आवेदन जमा नहीं कर पा रहे हैं। गुरुवार को अंतिम तिथि होने से जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से वंचित होने की चिंता है। छात्र नेताओं ने पोर्टल तत्काल दुरुस्त कराने और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। कार्यवाहक प्राचार्य ने समस्या के समाधान के लिए समाज कल्याण अधिकारी को पत्र भेजा है।

Moradabad News: मुरादाबाद। छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि गुरुवार को है। ऐसे में स्कॉलरशिप पोर्टल के लगातार तीन दिनों से ठप रहने से हिन्दू कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। सर्वर एरर के कारण छात्रवृत्ति आवेदन फॉर्म सबमिट नहीं हो पा रहे हैं। जरूरतमंद विद्यार्थियों के सामने छात्रवृत्ति का लाभ पाने का संकट खड़ा हो गया है। छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते तकनीकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। इसे देखते हुए छात्र नेताओं ने पोर्टल को तत्काल दुरुस्त कराने के साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। छात्र जोनी और अरुण सैनी, दीपिका, प्रसून, विनी, नंदगोपाल के मुताबिक, छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के दौरान वेबसाइट बार-बार बंद हो जा रही है या सर्वर एरर का संदेश दिखाई दे रहा है। कई बार प्रयास करने के बावजूद फॉर्म जमा नहीं हो पा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि में अब केवल एक दिन शेष रहने के कारण विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ गई है। पोर्टल में सुधार होने तक आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।
छात्र नेताओं ने उठाई आवाज
छात्र नेताओं ने उठाई आवाज
हिन्दू कॉलेज के छात्र नेता शिवम ठाकुर, अमन सिंह लड्डू, हसनैन पठान ने स्कॉलरशिप पोर्टल की समस्या को गंभीर बताते हुए कॉलेज प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में आवेदन की प्रक्रिया के दौरान तकनीकी बाधा आने से विद्यार्थियों के हित प्रभावित हो सकते हैं। कहा कि पोर्टल को तत्काल सुचारु कराया जाए और सर्वर की समस्या के कारण आवेदन पूरा नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को राहत देने के लिए अंतिम तिथि बढ़ाई जाए।
प्राचार्य ने समाज कल्याण अधिकारी को लिखा पत्र
प्राचार्य ने समाज कल्याण अधिकारी को लिखा पत्र
कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर एपी सिंह ने स्कॉलरशिप पोर्टल पर आ रही समस्या के संबंध में समाज कल्याण अधिकारी को पत्र भेजा है। कॉलेज प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

