Moradabad News: कोसी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों का संपर्क कटा
Moradabad News: मुरादाबाद में लगातार बारिश से कोसी नदी का जल स्तर बढ़ गया है, जिससे नौ गांवों के खेतों में पानी भर गया है। मूंढापांडे-गदई खेड़ा मार्ग बह गया है और कई गांवों का संपर्क कट गया है। लोग नावों का सहारा लेकर अपने घरों तक पहुंच रहे हैं।

Moradabad News: मुरादाबाद। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से रामगंगा के साथ कोसी नदी का जल स्तर भी बढ़ गया है। कोसी का पानी नौ से अधिक गांवों के खेतों में घुस गया है। मूंढापांडे-गदई खेड़ा मार्ग भी पानी में बह गया है। हीरापुर और रनियाठेर के पास सड़के पर तीन से चार फुट तक पानी बह रहा है। रनियाठेर,गदईखेड़ा,भैया नगला, हरपाल आदि गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। उधर, सड़क पर पानी आने से मिलक विसाहट तथा जैतपुर विसाहट में भी आना जाना बाधित हो गया है। प्रधान/प्रशासक पति ठाकुर अविनाश चौहान ने बताया कि रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण कोसी नदी का जल स्तर बढ़ा है।
लोगों को गांव और घर तक पहुंचाने के लिए नावों का सहारा लिया जा रहा है।दूसरी ओर सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया रामनगर स्थित कोसी बैराज से 43000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उसी के कारण जल स्तर में वृद्धि हुई है। जबकि मंगलवार की सायं रामगंगा का कटघर पुल पर जल स्तर 188.98 दर्ज किया गया था। आज यह बढ़कर 189.10 हो गया। यह खतरे के निशान से 1.50 मीटर नीचे हैं।


