अब ऑनलाइन मिलेगी दूसरे क्षेत्र से आने वाली बसों की लोकेशन
Moradabad News - राज्य में परिवहन सेवा को बेहतर बनाने के लिए रोडवेज प्रबंधन नवाचार कर रहा है। नए साल में बाहरी बसों की लोकेशन ऑनलाइन दिखेगी। मुरादाबाद बस स्टेशन पर यह सुविधा शुरू की गई है। स्क्रीन पर बसों के आगमन और...
राज्य में परिवहन सेवा को और सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने के लिए रोडवेज प्रबंधन कई नवाचार कर रहा है। अब नए साल में दूसरे क्षेत्र से आने वाली बसों की लोकेशन ऑनलाइन नजर आएगी। मुरादाबाद बस स्टेशन पर प्रयोग के तौर पर यह सेवा शुरू कर दी गई है। नए साल में यह सुविधा राज्य भर में प्रभावी होनी है। राजधानी में विश्व स्तरीय रोडवेज सुविधा का दावा करने वाली सरकार के कई प्रयोग विभाग में नजर आ रहे हैं। जीपीएस सुविधा से निगम की बसों का संचालन प्रभावी होने के बाद अब स्क्रीन पर बसों के आगमन और प्रस्थान की सूचना का प्रदर्शन किया जाना है। मंडल में आठ बस डिपो पर यह सुविधा मिलनी है। रोडवेज की 805 बसें यहां यात्रियों को सेवा दे रही हैं। रोडवेज की इन सेवाओं में विभाग के साथ अनुबंध वाली बसें भी शामिल हैं।
मंडल मुख्यालय पर दो बस अड्डे हैं। मुरादाबाद और पीतलनगरी डिपो से आनंद विहार, देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, आगरा, बरेली, हल्द्वानी की सीधी सेवाएं हैं, जबकि मंडल के सभी जिलों और रूटों के लिए रोडवेज की बसों का संचालन होता है। मुरादाबाद डिपो पर 24 घंटे के भीतर करीब पांच सौ बसें दूसरे क्षेत्रों से आती हैं।
यह स्क्रीन देगी यह सभी जानकारी
मुरादाबाद। यह स्क्रीन यात्री की हर जरूरी सूचना का आधार बनेगी। स्क्रीन पर वाहन की संख्या, सेवा के प्रकार, बस रवाना होने वाले स्टेशन का नाम, सफर का रूट, स्टेशन पर बस के आने का तय समय, निर्धारित प्रस्थान, अनुमानित आगमन, प्रस्थान का समय और विलंब का विवरण दिखेगा।
रेलवे की तरह रोडवेज की बसों की ऑनलाइन लोकेशन दिखाई देगी। सभी स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन लगनी है। हमारे स्टेशन पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है। यहां बाहर से आने वाली बसों के आगमन, प्रस्थान आदि का विवरण यात्री स्वयं देख ले रहे हैं। रोडवेज मुख्यालय बसों के संचालन का विवरण कंट्रोल रूम से मॉनीटर कर रहा है।
राजवती, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मुरादाबाद डिपो
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।