भुगतान न करें तो चीनी मिलों का ऐसे इलाज करें, सभापति ने अफसरों को बताया तरीका
संक्षेप: Moradabad News - मुरादाबाद में बिलारी स्थित राणा शुगर मिल किसानों का भुगतान नहीं कर रही है। विधान परिषद के सभापति किरन पाल कश्यप ने निर्देश दिया कि अगर पंद्रह दिन में भुगतान नहीं होता है, तो आरसी जारी की जाए। उन्होंने...

मुरादाबाद में बिलारी स्थित राणा शुगर मिल किसानों का भुगतान नहीं कर रही है। पंद्रह दिन का समय है भुगतान नहीं हो तो आरसी से वसूली करें। कुछ इस तेवर के साथ प्रदेश की विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति किरन पाल कश्यप ने निर्देश दिया। उन्होंने कहा बिजली बिल के नाम पर किसी का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। बुधवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति किरणपाल कश्यप, सदस्य बहोरन लाल मौर्य, हंसराज विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा की। सभापति ने समीक्षा के बाद हिन्दुस्तान को बताया कि आवारा पशुओं का आतंक इतना है कि फसलें चौपट करते हैं किसानों पर हमले भी कर रहे हैं।
इनको पकड़ कर गोशाला में अलग से व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग पांच हजार के बिल पर कनेक्शन काटने पहुंच जाता है फिर चीनी मिल वालों से किसानों का बकाया गन्ना मूल्य क्यों नहीं दिलवाया जा रहा। राणा ग्रुप की बिलारी मिल अगर पंद्रह दिन में भुगतान नहीं करती है तो उसकी आरसी जारी करें। इसी तरह जल जीवन मिशन में पाइप लाइन डालने के नाम पर सड़कें काट दी हैं। ग्रामीण परेशान होते हैं। विभाग की जिम्मेदारी है वह सड़कें ठीक करे। यह किसी भी तरह क्षम्य नहीं होगा। मुरादाबाद के अलावा समिति ने रामपुर और संभल की भी संयुक्त रूप से समीक्षा की। जिलाधिकारी अनुज सिंह और एसएसपी ने संबंधित सवालों के उत्तर दिए। समिति का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन गुलाबचंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




