
मानदेय और सफाई के संसाधन की मांग को लेकर प्रदर्शन
Moradabad News - ग्राम पंचायतों के कार्यकाल खत्म होने के साथ ही सामुदायिक शौचालयों के केयर टेकरों ने समय पर मानदेय न मिलने के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आंबेडकर पार्क से नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में महिलाओं की बड़ी संख्या शामिल रही। केयर टेकरों ने समय पर मजदूरी और संसाधनों की उपलब्धता की मांग की।
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही गांव में चुनावी माहौल दिखने लगा है। जिला पंचायत राज विभाग की ओर से बनवाए गए सामुदायिक शौचालयों के केयर टेकर को समय से मानदेय नहीं मिलने और केंद्र की सफाई के संसाधनों की कमी का मुद्दा जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। गुरुवार को सभी सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन की अगुवाई में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनि कुमार और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने प्रदर्शन की अगुवाई की। आंबेडकर पार्क से कर्मचारियों का दल नारेबाजी करते और समय से मानदेय और अन्य देनदारी भुगतान के मुद्दे पर जिम्मेदारों का ध्यान खींचने का प्रयास किया।
भारी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन में शामिल रहीं। जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन में इस बात की मांग की गई कि सीमित मानदेय पर काम करने वाली सदस्यों को समय से मजदूरी नहीं मिल रही है। शौचालयों की सफाई के लिए मिलने वाले संसाधनों की कमी से कार्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए प्रशासन इस स्थति का संज्ञान ले और समय से भुगतान दिलाने का प्रयास करें। प्रदर्शन में मंजू, राजकिशोर, रीतू, शिव कुमारी, पंकज मुख्य रूप से शामिल रहे। मानदेय और अन्य मद में मिलते हैं नौ हजार रुपये मुरादाबाद। जनपद में 641 सामुदायिक शौचालय हैं। हर केंद्र की सफाई की जिम्मेदारी एक सदस्य की है। इन्हें मानदेय के रूप में 6 हजार रुपये मिलते हैं। जबकि 3 हजार रुपये केंद्र की मरम्मत और सफाई के लिए उपयोग में आने वाले संसाधनों की खरीद के लिए मिलते हैं। प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के संयुक्त खाते से इस मद के धन उपलब्ध होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




