अंडरग्राउंड फाल्ट से कई मोहल्लों में अंधेरा, पानी के लिए परेशान हुए लोग
Moradabad News - मुरादाबाद में दौलत बाग बिजली घर से जुड़े कई इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को जलापूर्ति और घरेलू कामकाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण बिजली की समस्या उत्पन्न हुई है और स्थानीय निवासियों ने विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।

मुरादाबाद। दौलत बाग बिजली घर से जुड़े तहसील स्कूल, मोहल्ला अंडे वालान, चौकी हसन खां, कांठ की पुलिया, दीवान का बाजार, मोती बाग, नवाबपुरा समेत कई इलाकों में रात से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से जलापूर्ति भी पूरी तरह ठप रही, जिससे रविवार सुबह घरेलू कामकाज प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात महिला थाने के पास अंडरग्राउंड बिजली लाइन में फाल्ट हो गया था। तकनीकी टीम ने उसे ठीक कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद जिगर कॉलोनी के पास दोबारा लाइन में खराबी आ गई।
वर्तमान में विद्युत विभाग की टीम फाल्ट को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि इस तकनीकी खराबी से न केवल तहसील स्कूल बिजली घर, बल्कि दौलत बाग से संबंधित अन्य बिजली घरों से भी आपूर्ति प्रभावित हुई है। लगातार करीब आठ घंटे से बिजली न होने के कारण लोगों को पेयजल, नहाने-धोने और अन्य आवश्यक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बार-बार लाइन में फाल्ट होने से क्षेत्र में आए दिन बिजली संकट की स्थिति बन जाती है। उन्होंने विभाग से शीघ्र स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




