
एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बनाई रणनीति
Moradabad News - जिले में करोड़ों के जीएसटी चोरी के आठ मुकदमों की जांच पुलिस ने शुरू की है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच को तेजी से पूरा करने की योजना बनाई। बैठक में घोटाले की तकनीकी पहलुओं और साक्ष्य एकत्रित करने पर चर्चा की गई।
जिले में हाल ही में सामने आए करोड़ों के जीएसटी चोरी के आठ मुकदमों की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। एसएसपी सतपाल अंतिल इसे गंभीरता से लेकर जल्द जांच पूरी करने और आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की तैयारी में हैं। इसके लिए एसएसपी ने मंगलवार को पुलिस लाइन में राज्य कर विभाग के अधिकारियों और एसआईटी के सदस्यों की संयुक्त बैठक ली। मंगलवार दोपहर पुलिस लाइन में जीएसटी चोरी के मामलों की जांच के लिए समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसपी सतपाल अंतिल और राज्य कर विभाग के एडमिशन कमिश्नर ग्रेड वन अशोक कुमार, और राज्य कर की विशेष अनुसंधान शाखा के एडमिशन कमिश्नर आए सेठ विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस और राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने मिलकर इस घपले की तह तक पहुंचने के लिए रणीनीति तैयार की। पुलिस ने बैठक में सबसे पहले राज्य कर के अधिकारियों ने उनके पोर्टल, कार्यप्रणाली आदि के बारे में जानकारी ली। यह भी समझने का प्रयास किया कि वह कौन-कौन से लू पोल है, जिससे इस तरह के घोटाले होते हैं। बैठक के दौरान मुकदमे के आरोपियों को ढूंढकर उनके द्वारा हड़पे गए आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) की रिकवरी के लिए संयुक्त रणनीति बनाई। घोटाले से जुड़े तमाम तकनीकी, सर्विलांस एवं व्यापक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने इस दौरान यह भी पूछा कि जांच के दौरान राज्य कर के अधिकारी क्या-क्या साक्ष्य व दस्तोवज दे सकेंगे। इसके अलावा पुलिस को क्या- क्या साक्ष्य एकत्रित करना है यह भी तय किया गया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने निर्देश दिया कि एसआईटी और राज्य कर विभाग के लोग आपस में समन्वय स्थापित करके घोटाले से जुड़े साक्ष्य आपस में साझा करेंगे ताकि मजबूत साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


