
पीड़िता को थाने से टरकाना इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, निलंबित
Moradabad News - मुरादाबाद में एक महिला ने अपने ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की। जब वह थाने गई, तो अपराध निरीक्षक विजय सिंह ने उसकी बात को नजरअंदाज किया और उसे भगा दिया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की जांच के बाद विजय सिंह को निलंबित कर दिया। महिला का मामला अब पुलिस के पास है।
मुरादाबाद। ससुरालियों के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाने पहुंची पीड़िता को टरकाना मझोला थाने के अपराध निरीक्षक विजय सिंह को भारी पड़ गया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने शिकायत की प्रारंभिक जांच कराने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। थाना मझोला के फकीरपुरा क्षेत्र निवासी बाला की शादी 2015 में हनुमाननगर निवासी दिनेश के साथ हुई थी। उसके एक बेटा ओर एक बेटी है। बाला का आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते आ रहे हैं। बीते सात-आठ जुलाई को भी पति और ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दिए।
पीड़िता का आरोप है कि दो दिन तक ससुरालियों ने उसे कमरे में बंद करके पीटा। नौ जुलाई को दोनों बच्चों के साथ महिला को घर से निकाल दिया। इसी बीच विवाहिता ने मझोला थाने में पति दिनेश, ससुर बुद्धराम, सास गंगा देवी, आकाश और उमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी। बाला के अनुसार वह बुधवार को अपने केस में की गई कार्रवाई की जानकारी करने के लिए मझोला थाने पहुंची। उस समय थाने में अपराध निरीक्षक विजय सिंह बैठे थे। महिला के अनुसार कई बार पूछने पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। आरोप लगाया कि अपराध निरीक्षक ने उसे डांट कर भगा दिया। जिसके बाद महिला एसएसपी ऑफिस पर पहुंच गई। उस समय एसएसपी सतपाल अंतिल थाना प्रभारियों की आनलाइन मीटिंग ले रहे थे। जब उन्होंने कार्यालय के बाहर महिला के रोने की आवाज सुनी तो उसे अंदर बुलवाया और उसकी समस्या सुनी। एसएसपी ने ऑनलाइन मीटिंग के दौरान ही अपराध निरीक्षक विजय सिंह को तलब कर उनसे सवाल जवाब किया। विजय सिंह एसएसपी को कोई संतोष जनक जवाब नहीं दे सके। इसे दायित्व के प्रति घोर लापरवाही, स्वच्छाचारिता और अकर्मण्यता मानते हुए एसएसपी ने अपराध निरीक्षक विजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि महिला ने जो मुकदमा लिखाया है उसमें चार्जशीट लगाई जा चुकी है। अपराध निरीक्षक को चाहिए था कि महिला की बात को गंभीरता से सुनकर उसको आवश्यक जानकारी दें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए निलंबन की कार्रवाई की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




