
डाकघर की तिजोरी खुलने के बाद अफसरों ने चुप्पी साधी
Moradabad News - मुरादाबाद के पाकबड़ा उप डाकघर की तिजोरी खुलने के बाद से विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। जांच में पता चला कि सहायक पोस्ट मास्टर अवैध रूप से अनुपस्थित है और तिजोरी में सरकारी धन के दुरुपयोग की...
मुरादाबाद। पाकबड़ा में उप डाकघर की तिजोरी(आयरन चेस्ट) खुलने के बाद से विभागीय अफसर अब कुछ कहने से परहेज कर रहे हैं। जिम्मेदार अफसरों ने पूरे प्रकरण पर चुप्पी साध ली है। जांच कर रहे विभाग के एक अधिकारी ने तिजोरी में कैश व अन्य रिकार्ड को पूरी तरह से गोपनीय बताया है। हालांकि इतना जरुर कहा कि डाकघर के सहायक पोस्ट मास्टर अवैध रूप से गैरहाजिर है। पाकबड़ा में सरकारी धन के दुरुपयोग या गबन की आशंका जताई गई। अमरोहा के प्रधान डाकघर ने पाकबड़ा समेत सोलह उप डाकघरों में सीमा से अधिक कैश जमा होने पर सरकारी धन के दुरुपयोग की संभावना जताते हुए मुरादाबाद के प्रवर डाक अधीक्षक को पत्र भेजा।
हिन्दुस्तान में मामला सुर्खियां बना तो विभाग ने गंभीरता से लिया। पोस्ट मास्टर जनरल के कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद बीते शनिवार को मुरादाबाद के डिप्टी एसएस, निरीक्षक, तहसीलदार व पुलिस की मौजूदगी में पाकबड़ा डाकघर की तिजोरी खुली। कटर से तिजोरी काटकर जमा सरकारी धन के अलावा अन्य सरकारी रिकार्ड खंगाला गया। तिजोरी के खुलासे के बाद से डाक विभाग के अधिकारी अब इससे पल्ला झाड़ रहे है। दो दिन बीतने के बाद भी विभाग के अधिकारी इस केस की अगली कार्रवाई पर चुप्पी साधे है। मुरादाबाद के डिप्टी एसएस एसके शर्मा का कहना है कि इस बारे में उन्हें नहीं पता। तिजोरी में कैश आदि को लेकर उन्होंने पल्ला झाड़ लिया। जबकि विभाग के निरीक्षक सचिन कुमार का कहना है कि तिजोरी में कैश, अन्य रिकार्ड आदि गोपनीय है। इसे सुरक्षित रखा गया है। जबकि सहायक पोस्ट मास्टर अवैध रुप से अनुपस्थित है। इस बारे में कोई सूचना नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




