नगर निगम के सुपरवाइजर पर धारदार हथियार से हमला
मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नगर निगम के सुपरवाइजर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया...

मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नगर निगम के सुपरवाइजर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से सफाई कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश गहरा गया। पुलिस ने हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही आक्रोशित सफाई कर्मी शांत हुए। दोपहर बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
धारदार हथियार से घायल अरुण पुत्र बाबूराम इंदिरा चौक का रहने वाला है। वह नगर निगम में सुपरवाइजर है। उनके मुताबिक कटघर के गोविंद नगर निवासी सागर उर्फ पुष्पेंद्र का एक मकान इंदिरा चौक पर भी है। कुछ समय से वह गोविंद नगर में रहने लगा है। इंदिरा चौक वाला मकान खाली पड़ा हुआ है। वहां पर वह दोस्तों के साथ शराब पीकर लोगों के साथ अभद्रता करता है। उनके मुताबिक रविवार रात भी सागर शराब पीकर गाली गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी थी। उस वक्त स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर शांत कर दिया था। सोमवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सागर ने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। थाना प्रभारी गलशहीद ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावर की तलाश की जा रही है।
