एडीएम प्रशासन के कार्यालय में होगा मेयर का नामांकन
कलेक्ट्रेट में नगर निगम चुनाव के नामांकन को लेकर इंतजाम मुकम्मल होने लगे हैं। निगम के महापौर पद के लिए एडीएम प्रशासन के कक्ष में नामांकन होगा।...

कलेक्ट्रेट में नगर निगम चुनाव के नामांकन को लेकर इंतजाम मुकम्मल होने लगे हैं। निगम के महापौर पद के लिए एडीएम प्रशासन के कक्ष में नामांकन होगा। मुशायरा ग्राउंड में 70 वार्डों के नामांकन होंगे। पांच वार्डों पर एक आरओ की तैनाती कर दी गई है।
जिला स्तरीय अफसरों को नामांकन में लगाया गया है। एडीएम प्रशासन नगर निगम चुनाव के निर्वाचन अधिकारी हैं। उन्हीं की देखरेख में प्रक्रिया पूरी होगी। एडीएम प्रशासन के न्यायालय में नामांकन से पहले बेरीकेडिंग भी होगी। उधर मुशायरा ग्राउंड में नामांकन के लिए टीन शेड के नीचे व्यवस्था मुकम्मल होंगी। बेरीकेडिंग करके पांच वार्डों का एक ही स्थान पर नामांकन होगा। कुल चौदह ऐसे स्थल 70 वार्डों के लिए बनाने पड़ेंगे। तहसीलों में सबंधित नगर पालिकाओं, बिलारी और ठाकुरद्वारा के नामांकन होंगे। साथ ही जिस तहसील में जो नगर पंचायत आती है उसके नामांकन होंगे। सभी मजिस्ट्रेट को आरओ अलग अलग क्षेत्रों में बनाया गया है। एसडीएम सदर प्रशांत तिवारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट में तीन नगर पंचायतों के नामांकन होंगे। भोजपुर, अगवानपुर और पाकबड़ा नगर पंचायतें सदर में आती हैं। कांठ और उमरी कलां नगर पंचायतों के नामांकन होंगे। इसी प्रकार बिलारी में बिलारी, कुंदरकी और महमूदपुर माफी नगर पंचायतों के नामांकन होंगे। ठाकुरद्वारा में ठाकुरद्वारा, ढकिया के नामांकन करवाए जाएंगे।
