
मंत्रों और कुरान की आयतों के बीच एक दूजे के हुए 820 जोड़े
Moradabad News - मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक शादी समारोह में 820 जोड़े एक-दूसरे के साथ जुड़े। इस आयोजन में हिंदू और मुस्लिम दोनों जोड़ों के विवाह की रश्में पारंपरिक रूप से पूरी की गईं। महिला अधिकारियों ने आयोजन की देखरेख की और शासन की योजना का लाभ उठाने वाले दंपति ने सरकार की सराहना की।
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक शादी समारोह में गुरुवार को 820 जोड़े एक दूजे के हो गए। बुद्धि विहार स्थित एमडीएम मैदान के पंडाल मंत्रों की ध्वनि और कुरान की आयतों के बीच सारी रश्में पूरी हुईं। शहनाई की धुन और परंपरागत गीतों से बारातियों का स्वागत किया गया। नगर निगम, विकास खंड मुरादाबाद, डिलारी एवं ठाकुरद्वारा के साथ नगर पंचायत अगवानपुर, भोजपुर-धर्मपुर, पाकबड़ा, ढकिया और नगर पालिका परिषद ठाकुरद्वारा के 820 जोड़ों का उनके धार्मिक विधि-विधान के अनुरूप विवाह कराया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी गोपाल अंजान ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि धन के अभाव में किसी बेटी की शादी में रुकावट नहीं आएगी।

प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि समाज में सर्वधर्म समभाव तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। विधान परिषद सदस्य डॉ.जयपाल सिंह व्यस्त, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उधर,भोजन के दौरान काउंटरों पर अचानक भीड़ बढ़ने से आयोजक घबरा गए। दंपति के आधार मिलान और बायोमीट्रिक परीक्षण की वजह से पंजीयन काउंटरों पर भीड़ रही। देर शाम समाज कल्याण निदेशालय की ओर से 820 शादी की सूचना जारी की गई। महिला अधिकारियों ने संभाला आयोजन का मोर्चा मुरादाबाद। हिंदू और मुस्लिम जोड़ों के एक छत के नीचे शादी और निकाह के आयोजन में तीन महिला अधिकारियों की मेहनत फलीभूत देखी गई। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन और सहायक निदेशक उद्योग नेहा शर्मा ने रहीं व्यवस्था की संयुक्त रूप से निगरानी कीं। सीडीओ आयोजन को लेकर दो दिनों से सतर्क रहीं। मुस्लिम जोड़े और परिवार के सदस्य बोले-शुक्रिया योगी जी मुरादाबाद। पोते सिकंदर के निकाह में अमरोहा से आए हाजी साबिर, दुल्हा के फूफूा सिकंदर, शहर के लालबाग के फैसल और उनकी दुल्हन जेबा की खुशी देखते बनी। लालबाग की जेबा ने हाईस्कूल पास की है, उसके शौहर फैसल ने इंटर तक की पढ़ाई किए हैं। पुराना आरटीओ निवासी सादाब ने चक्कर की मिलक की अनीशा के संग निकाह कबूल किया। सादाब कार चालक हैं। सरकारी आयोजन में निकाह करने वाले खुश नजर आए। सभी ने सरकार के प्रयास की सराहना की। अमरोहा के हाजी साबिर बोले कार्यक्रम देखकर अच्छा लगा। कुछ खाया तो नहीं... लेकिन मन खुश है। पोते की यहां शहर के करूला का दुल्हन के साथ निकाह हुआ है। बुजुर्ग साबिर बोले, शुक्रिया योगी जी...। बोले दंपति, अब सिविल सेवा संकल्प मुरादाबाद। टांडा निवासी अजय और ठाकुरद्वारा की रोहिणी ने फेरे लिए। शादी के बाद दोनों ने अपनी पढ़ाई को लेकर आयोजकों के सवालों के जवाब दिए। दोनों उच्च शिक्षा ले रहे हैं। दोनों अनुसूचित वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। युगल ने बेदी पर यह संकल्प लिया कि दोनों सिविल सर्विस के लिए मेहनत करेंगे। अब साथ में सिविल सेवा की तैयारी करेंगे। बोले, जुलाई में शादी की बातचीत शुरू हुई थी। विभाग की योजना में पंजीयन कराया और शादी की रश्म पूरी की। 1055 आवेदन, बाकी की शादी दूसरे आयोजन में मुरादाबाद। आधार मिलान और अन्य विभागीय जांच में फंसे आवेदकों की शादी दूसरे आयोजन में होगी। पहले चरण में 1055 दंपति के आवेदन स्वीकार हुए थे। उसमें 820 की ही शाही दो पाई। जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने बताया कि बाकी लोगों की शादी शुक्रवार के आयोजन में होगी। उसके बाद भी बचे युगल को फिर मौका मिलेगा। सर्वर और तकनीकी वजह से भी दिक्क्तें आईं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




