Moradabad News: महिला को घेर कर पीटा, पांच पर केस दर्ज
Moradabad News: कटघर थाना क्षेत्र में एक महिला को गाली देने से मना करने पर दबंगों ने मारा-पीटा। महिला ने पुलिस को रिपोर्ट करते हुए तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज करवाया है। घटना 5 सितंबर को हुई, जब आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसकी जान लेने की कोशिश की।

Moradabad News: कटघर थाना क्षेत्र में दबंगों ने गाली देने से मना करने पर महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया है। थाना कटघर क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 5 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह घर से सब्जी लेने के लिए जा रही थी। आरोप लगाया कि उसी दौरान आंबेडकर नगर निवासी शिवा, आर्यन, कल्लू और दो महिलाओं ने देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपियों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार किसी तरह वह जान बचाकर अपने घर आई।
बाद में आरोपी लाठी-डंडा लेकर उसके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। आरोपी आर्यन ने गला घोटने की कोशिश की। चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंच कर शिकायत की। एसएचओ कटघर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


