रजिस्ट्री कार्यालय में अधिवक्ताओं का हंगामा, की तालाबंदी
Moradabad News - अधिवक्ताओं ने बुधवार को रजिस्ट्री कार्यालय में अव्यवस्थाओं और लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने प्रशासन से समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा।

अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और लंबित मांगों को लेकर बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी कर हड़ताल की, जिससे पूरे दिन कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता और महासचिव कपिल गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि लंबे समय से रजिस्ट्री कार्यालय में विभिन्न समस्याएं हैं, जिनके कारण अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम लोग भी परेशान होते हैं। आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया गया लेकिन, अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
इसी के चलते आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होना पड़ा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगें पूरी तरह जायज हैं और जब तक रजिस्ट्री कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से समाधान की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और व्यापक होगा। हड़ताल और तालाबंदी के कारण रजिस्ट्री कार्यालय में काम कराने पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। कई लोग बिना काम कराए ही लौट गए। पूरे दिन परिसर में हलचल और तनाव का माहौल रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


