Moradabad News: प्लाट के विवाद में मारपीट, महिला से छेड़छाड़, छह पर केस दर्ज
Moradabad News: मझोला थाना क्षेत्र के पैपटपुरा में एक प्लाट के विवाद में दबंगों ने युवक पर जानलेवा हमला किया और उसके साथ गई महिला के साथ अश्लीलता की। पीड़ित ने शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन नामजद सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Moradabad News: मझोला थाना क्षेत्र के पैपटपुरा में प्लाट के विवाद में दबंगों ने युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। उसके साथ गई महिला के साथ भी अश्लीलता कर दी। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से पुलिस ने तीन नामजद समेत छह आरोपियों पर केस दर्ज किया है। कटघर के कल्याणपुर निवासी अनुज कुमार सैनी ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने मझोला के पैपटपुरा स्थित 280 वर्ग मीटर का एक प्लाट रीता देवी से खरीदा था। 8 जून 2026 को बैनामा भी करा लिया। अनुज के अनुसार 14 अगस्त को शाम करीब छह बजे वह अपना पलाट देखने गया था।
साथ में उनकी काशीराम नगर चौकी क्षेत्र निवासी परिचित महिला भी थी। पीड़ित के अनुसार वह अपने प्लाट पर सफाई का काम करा रहा था। उसी दौरान एकता कालोनी निवासी अनिल कठेरिया और लाकड़ी निवासी अमित कुमार और उसके पिता ओमप्रकाश तीन अज्ञात लोगों के साथ प्लाट पर आ धमके। सभी प्लाट को अपना बताते हुए काम बंद कराने को कहा। पीड़ित ने विरोध करते हुए कागजात दिखाने को कहा तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि अनिल कठेरिया और उसके साथियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। जेब में रखे 6 हजार रुपये भी छीन लिए। अनुज के अनुसार उनकी परिचित महिला ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ अश्लीलता करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। शोर होने पर आसपास के लोग पहुंच गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। शिकायत पर एसएसपी ने मझोला पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए थे। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मझोला थाने में तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


