15 दिन बाद फिर इंफ्लूएंजा का हमला, बच्चों के लिए सावधानियां जरूरी
Moradabad News - मुरादाबाद में कड़ाके की ठंड के बावजूद बच्चों की सेहत पर इंफ्लूएंजा वायरस का खतरा बढ़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि ठंड के कारण बच्चों में संक्रमण की दर बढ़ सकती है। पिछले कुछ समय से वायरस की सक्रियता कम रही है, लेकिन अगले सप्ताह इसके बढ़ने की संभावना है। बच्चों को ठंड से बचाने और सही खानपान की जरूरत है।

मुरादाबाद। कड़ाके की ठंड का लंबा दौर खत्म हो जाने के बावजूद सर्दी के तेवर अभी तीखे दिख रहे हैं। सुबह और रात के समय तो ठंड काफी ज्यादा असर दिखा रही है। छोटे बच्चों की सेहत को ज्यादा तेजी से गिरफ्त में ले रही ठंड में इंफ्लूएंजा का वायरस बीच-बीच में ब्रेक लेकर हमला बोल रहा है। करीब पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर बच्चों की सेहत पर वार कर रहे वायरस की चपेट में फिर से जल्द ही तमाम बच्चे आ सकते हैं। इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) की मुरादाबाद शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर केजी गुप्ता ने बताया कि कुछ अरसे से बच्चों की सेहत पर इंफ्लूएंजा के संक्रमण का असर निर्धारित अंतराल के बाद होने का रुझान दिखाई दे रहा है।
इसका प्रकोप पंद्रह दिन ज्यादा रहने के बाद फिर अगले पंद्रह दिन बहुत कम हो रहा है। इससे संक्रमित हुए कुछ मरीजों के किसी दूसरी जगह से पहुंचने पर यह तेजी के साथ फैलना शुरू होता है। पंद्रह दिन के अंदर इसके खिलाफ बच्चों में इम्युनिटी (प्रतिरोधकता) विकसित होने पर इसका प्रकोप काफी कम हो जाता है। अभी तकरीबन हफ्ते भर से वायरस की सक्रियता कम है, लेकिन, एक सप्ताह बाद इसके तेजी से बढ़ने के आसार हैं। जिसके दृष्टिगत बच्चों को ठंड से बचाने समेत कई जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत बढ़ गई है। बच्चों को खाने-पीने में ठंडी चीजें नहीं देने के साथ ही उन्हें बाहर खुले में बिकने वाली चीजों को खाने से रोकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


