
छावनी में तब्दील हुआ हिंदू कॉलेज, बिना ड्रेस आए छात्रों को भगाया
संक्षेप: Moradabad News - हिंदू कॉलेज प्रशासन ने सोमवार को हुई मारपीट के बाद मंगलवार को छात्रों के लिए ड्रेस कोड लागू किया। गेट पर भारी पुलिस तैनात रही और बिना ड्रेस आए छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। आरोपी छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उन्हें गुरुवार को रेस्टिकेट किया जाएगा।
हिंदू कॉलेज प्रशासन मंगलवार को काफी सचेत दिखा। सोमवार को हुई मारपीट के बाद कॉलेज में सनसनी फैल गई थी। मंगलवार को कॉलेज में ड्रेस कोड लागू करने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड भारी पुलिस बल के साथ गेट पर ही तैनात रहा। चेकिंग के बाद छात्र-छात्राओं को अंदर आने दिया गया। हालांकि इस दौरान छात्र नेताओं की प्रॉक्टोरियल बोर्ड से बहस भी हुई। दूसरी ओर कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्रों के खिलाफ एफआईआर के लिए सीओ कोतवाली को तहरीर भी दे दी है। मंगलवार को हिंदू कॉलेज गेट पर काफी सख्ती दिखी। बिना ड्रेस आए छात्रों को इंट्री नहीं दी गई।

मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। गेट पर चेकिंग के लिए चीफ प्रॉक्टर डॉ. जीके शर्मा समेत नियंता मंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान छात्र नेताओं ने इस व्यवस्था का विरोध जताया। आरोप लगाया कि कुछ लोगों को इंट्री दे दी गई है। इस पर बहस भी होने लगी। चीफ प्रॉक्टर डॉ. जीके शर्मा ने बताया कि कॉलेज का माहौल किसी भी स्थिति में खराब नहीं होने देंगे। इसके अलावा अनुशासन बनाए रखने को हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन जगहों पर ज्यादा कैमरे लगवाएं जाएंगे, जहां मारपीट की घटनाएं हो रहीं हैं। सोमवार को हुई मारपीट के मामले में सीओ कोतवाली में कॉलेज की ओर से तहरीर दे दी गई। वहीं एसएचओ कोतवाली बिजेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मारपीट में शामिल आरोपी छात्र होंगे रेस्टिकेट हिंदू कॉलेज में सोमवार को हुई मारपीट में शामिल आरोपी दोनों छात्रों को गुरुवार को रेस्टिकेट कर दिया जाएगा। चीफ प्रॉक्टर डॉ. जीके शर्मा ने बताया कि मंगलवार को कॉलेज में चेकिंग और छात्रों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही एफआईआर के लिए तहरीर दी गई है। आरोपी छात्रों की डिटेल निकाल ली गई है। इस संबंध में प्राचार्य से बात की गई है। गुरुवार को आरोपी छात्रों को रेस्टिकेट कर दिया जाएगा। तय समय से पहले ही लोगों को दी गई इंट्री कॉलेज प्रशासन ने बिना ड्रेस में आए छात्रों और उनके अभिभावकों को मंगलवार को गेट पर ही रोक दिया था। कहा था कि परीक्षा फॉर्म से संबंधित सारे कार्य एक बजे के बाद ही कराए जाएंगे। कॉलेज कालेज गेट पर भीड़ ज्यादा होने पर दस मिनट पहले ही 12.50 पर सभी को इंट्री दे दी गई। प्रॉक्टोरियल बोर्ड में शामिल हुए दो सदस्य कॉलेज में अनुशासन बनाए रखने के लिए नियंता मंडल को विस्तार दिया गया है। चीफ प्रॉक्टर डॉ. जीके शर्मा ने बताया कि नियंता मंडल में सदस्य के रूप में रक्षा विज्ञान विभाग के कैप्टन डॉ. राजीव चौहान व गणित विभाग से डॉ. वीरेश कुमार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। अब नियंता मंडल में कुल 10 सदस्य हो गए हैं। पूरा प्रयास होगा कि कॉलेज में अनुशासन को बनाए रखें। इसके अलावा अब ड्रेस कोड का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। क्या था मामला सोमवार को कॉलेज के खेल मैदान एक छात्रा के साथ बैठकर बात कर रहे छात्र को बाहरी युवकों ने जमकर पीटा था। कई बार बेल्ट से वार किए थे। इसमें छात्र के आंखों में गंभीर चोटें आईं थीं। आरोपी युवक ने नियंता मंडल के सदस्यों से भी अभद्रता की थी, जिस पर नियंता मंडल के सदस्यों ने चीफ प्रॉक्टर को सूचना दी और पुलिस बुला ली गई थी। कॉलेज प्रशासन में एफआईआर कराने की बात कह रहा था, जिसको लेकर मंगलवार को तहरीर भी दे दी गई है। इससे पहले भी पिछले सप्ताह मंगलवार और इसी सप्ताह सोमवार को भी छात्रों में जमकर मारपीट हुई थी। कुल मिलाकर डेढ़ महीने में मारपीट के 18 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से कई मामले में चौकी पर तहरीर देने के अलावा पुलिस भी बुला ली गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




