रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को निहाल
Moradabad News - मुरादाबाद के गुरु गोविंद सिंह चौक स्थित गुरुद्वारे में गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से संगत का आना शुरू हुआ, और रागी जत्थों ने गुरुवाणी सुनाई। लंगर की सेवा भी जारी रही। महापौर और अन्य हस्तियों ने मत्था टेका, जबकि श्रद्धालुओं की भीड़ गुरुद्वारे के बाहर लगी रही।

मुरादाबाद। गुरु गोविंद सिंह चौक स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। रागी जत्थों ने गुरुवाणी सुनाकर संगत को निहाल किया। इसके साथ ही गुरु का अटूट लंगर भी शाम तक चलता रहा। भीड़ के कारण गुरुद्वारा जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों का संचालन बंद रहा। गुरुद्वारे में अमृतसर ने आए हजूरी रागी जत्था भाई करनैल सिंह, हजूरी रागी जत्थे हरजोत सिंह एवं दिल्ली से आए कथावाचक अगेज सिंह ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया।
इन्होंने गुरु गोविंद सिंह द्वारा देश एवं समाज के उत्थान के लिए किए गए त्याग, दी गई कुर्बानी और बलिदान की कथा मार्मिक ढंग से सुनाकर सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने लोगों का श्री गुरु गोविंद सिंह के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी दी। गुरुद्वारे में महापौर विनोद अग्रवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला सहित शहर की कई हस्तियां ग्रंथ साहिब के दरबार में मत्था टेकने पहुंचीं। उधर गुरुद्वारे में शाम तक श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। गुरुद्वारे के बाहर लंगर भी चलता रहा। इसे छकने के लिए लोग देर तक बारी की प्रतीक्षा करते रहे। स्वयं सेवक भी पूर समर्पित भाव से लोगों को लंगर सेवा देते रहे। व्यवस्था में प्रधान जसप्रीत सिंह खुराना, सेक्रेटरी तैजेंद्र सिंह सहित जीत सिंह, अमरजीत सिंह, हरसेवक सिंह, परविंदर सिंह,पुनीते भाटिया, रमनदीप सिंह, जोगेंद्र सिंह सहित काफी लोग सेवा में रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




