सऊदी में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.60 लाख की ठगी
Moradabad News - सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों ने ठाकुरद्वारा के मोनिस अली से 2.60 लाख रुपये ठगे। आरोपियों ने उसे फर्जी पासपोर्ट, वीजा और नियुक्ति पत्र दिए। जब मोनिस ने पैसे वापस मांगे, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई, जिन्होंने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।

सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लोगों ने ठाकुरद्वारा के गांव रतुपुरा निवासी युवक से 2.60 लाख रुपये ले लिए। उसे फर्जी पासपोर्ट, वीजा और नियुक्ति पत्र थमा दिया। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई। मामले में एसएसपी ने एफआईआर के आदेश दिए हैं। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव रतुपुरा निवासी मोनिस अली ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे बताया कि बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र निवासी उसका भांजा सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का काम करता है।
उसने मोनिस अली से कहा कि तुम भी बेरोजगार हो कहो तो तुम्हारी नौकरी लगवा देंगे। इसके बाद 20 मई 2024 को आरोपी ने अपने भांजे और उसके साथी को अपने घर बुलाया और उससे बातचीत कराई। उसने 62 हजार रुपये मासिक वेतन की नौकरी दिलाने की बात कही। तय हुआ कि 2.60 लाख रुपये देने पर वह मोनिस अली को सऊदी अरब भेज देगा। वहां भिजवाने के लिए बीजा भी वही देगा। पीड़ित के अनुसार विश्वास करके उसने 20 मई 2024 से 16 जुजलाई 2024 के बीच कुल 2 लाख 60 हजार रुपये दे दिए। जिसमें 1.55 लाख ऑनलाइन और 1.05 लाख रुपये नकद दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को एक पासपोर्ट दिया। पीड़ित के अनुसार जब वह पासपोर्ट और वीजा लेकर नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा और दिखाया तो पता चला कि वह फर्जी है। आरोप लगाया कि उसके गांव के व्यक्ति ने अपने भांजे और उसके साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर 2.60 लाख रुपये हड़प लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र, पासपोर्ट और वीजा थमा दिया। एसएसपी ने ठाकुरद्वारा एसएचओ को केस दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


