करवा चौथ को लेकर बाजारों में रौनक, उमड़ी भीड़
Moradabad News - ठाकुरद्वारा में करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने बाजारों में साज सज्जा, मेहंदी और पूजा के सामान की खरीदारी की। बुध बाजार में भारी भीड़ ने लोगों को परेशान किया। ब्यूटी पार्लरों में भी...

ठाकुरद्वारा। हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में रविवार को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा। करवा चौथ को लेकर नगर के बाजारों में महिलाओं का हुजूम उमड़ा रहा। महिलाओं ने बाजारों में पहुंचकर न सिर्फ साज सज्जा का सामान खरीदा बल्कि बड़ी तादाद में महिलाओं ने मेहंदी भी लगवाई। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर शनिवार को शहर से लेकर गांव के बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन व कपड़े खरीदने के साथ पूजा-अर्चना के सामान की जमकर शॉपिंग की। बुध बाजार में भीड़ अधिक होने से लोगों को वहां आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ब्यूटी पार्लरों ने मेहंदी लगाने के इंतजाम किया। मेहंदी लगाने को सजी दुकानें देर रात तक गुलजार रहीं। भीड़ के चलते मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं को एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। महिलाओं ने अपने पसंद की साड़ी एवं अन्य परिधान खरीदे। चूड़ी की दुकानों पर भी दिन भर भीड़ रही।
मेहंदी के लिए लगी लाइन : मेहंदी लगाना सभी महिलाओं की पहली पसंद होती है। शनिवार को मार्केट व ब्यूटी पार्लरों के सामने टेंट लगवाकर उसमें मेहंदी लगवाने का प्रबंध किया गया। इसके बाद भी महिलाओं को एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कई जगहों पर भीड़ होने के चलते महिलाओं ने घरों में मेहंदी लगाई।
फुल रहे ब्यूटी पार्लर : शनिवार को ब्यूटीपार्लर में भी खासी भीड़ रही। महिलाएं दो दो घंटे की सीटिंग में फेशियल, ब्लिचिंग करवाती दिखीं, ताकि करवाचौथ के दिन वही सब से खूबसूरत दिखें। काफी महिलाओं ने मेकअप कराने के लिए पार्लर संचालिकाओं से कुछ दिन पूर्व ही समय लिया हुआ था। दोपहर बाद अधिकतर पार्लरों में बुकिंग बंद कर दी गई थी। पार्लरों में करवाचौथ को लेकर स्पेशल पैकेज भी निकाले गए । पार्लर संचालिका शालिनी ने बताया कि शनिवार को अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार को सुबह जल्दी पार्लर खोला गया और देर शाम तक पार्लर में काम जारी रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


