आसार: दो दिन में पांच डिग्री गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड
दिवाली के बाद मौसम तेजी से करवट बदलने वाला है। वातावरण में ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की...

दिवाली के बाद मौसम तेजी से करवट बदलने वाला है। वातावरण में ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान जताया है। सोमवार को दिन के समय धूप में काफी तेजी महसूस की गई, लेकिन शाम ढलते ही ठंडक बढ़ गई।
मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले चौबीस घंटों में रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान रात का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक घटकर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। अगले 48 घंटों में रात का न्यूनतम तापमान और घटने के आसार बन रहे हैं यह 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। दिन के अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की कमी आने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद पश्चिमी दिशा से हवा चलने की वजह से तापमान में गिरावट आने की संभावना बन रही है। वहीं, चिकित्सकों ने दिन और रात के तापमान में काफी अंतर होने की वजह से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ने का अंदेशा जाहिर किया है।
