
निजी अस्पताल में वृद्धा के शव से गहने उड़ाए, आरोपी गिरफ्तार
Moradabad News - सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक निजी हॉस्पिटल में हार्ट अटैक के बाद 75 वर्षीय सरोज भटनागर की मौत हो गई। अस्पताल से शव मिलने पर उनका सोने का मंगलसूत्र गायब मिला। भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने जांच की और अस्पताल के कर्मचारी अजय को गिरफ्तार किया, जिसके पास से मंगलसूत्र बरामद हुआ।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में हार्ट अटैक के बाद ले जाई गई वृद्धा की मौत हो गई। अस्पताल ने शव परिजनों को सौंपा तो उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब था, जिसमें डायमंड का पैंडल लगा था। वृद्धा के भतीजे की तहरीर पर पलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल की और अस्पताल के ही एक कर्मचारी अजय को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गायब हुआ आभूषण बरामद कर लिया है। थाना सिविल लाइंस के दयानंद डिग्री कॉलेज के सामने रहने वाले संदीप भटनागर अधिवक्ता हैं। उन्होंने सिविल लाइंस थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम उनकी बुआ सरोज भटनागर(75) को हार्ट अटैक आ गया था।

जिसके बाद उन्हें अपनी कार से कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। संदीप के अनुसार अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में स्टाफ उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाकर अंदर ले गया और पर्दा डाल दिया। परिवार वालों को बाहर ही रोक दिया। थोड़ी देर बाद बताया कि वृद्धा की मौत हो गई है। संदीप भटनागर के अनुसार जब उनका शव बाहर लाया गया तो उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब था, जिसमें डायमंड का पैंडल लगा था। परिवार वालों के अनुसार जब इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन से बात की तो उन्होंने साफ मना कर दिया और कहा कि वृद्धा के गले में कुछ नहीं था। इस संबंध में एसएचओ सिविल लाइंस मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर पर अस्पताल के अज्ञात स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच के बाद अस्पताल में काम करने वाले नवाबपुरा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने शव से मंगलसूत्र निकालने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से वृद्धा के गले से निकाला गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया। एसएचओ मनीष सक्सेना ने बताया कि आरोपी अजय कुमार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




