Hindi NewsUttar-pradesh NewsMoradabad NewsDiwali Fireworks Injure Over 50 People in Muradabad Eye Specialist Warns of Risks
पटाखों की चिंगारी से 50 लोगों की आंखें चोटिल, 10 की रोशनी गई

पटाखों की चिंगारी से 50 लोगों की आंखें चोटिल, 10 की रोशनी गई

संक्षेप: Moradabad News - मुरादाबाद में दिवाली के दौरान पटाखे जलाने से पचास से अधिक लोग घायल हुए। चिंगारी लगने से कई लोगों की आंखें झुलस गईं, जिनमें से कई को सर्जरी की आवश्यकता है। एक तीन साल के बच्चे की आंख में पटाखे का पत्थर...

Tue, 21 Oct 2025 06:11 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मुरादाबाद
share Share
Follow Us on

मुरादाबाद। दिवाली पर पटाखे जलाना कई लोगों की आंखों पर भारी पड़ गया। पचास से ज्यादा लोगों की आंखें जलते पटाखे की चिंगारी पड़ने से चोटिल हो गईं। पटाखे जलाने के दौरान चिंगारी पड़ने से आंखें झुलसने के बाद सबसे अधिक तीस पीड़ित लोग इलाज के लिए रामगंगा विहार स्थित सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान पहुंचे। संस्थान के कॉर्निया रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय चंदा ने बताया कि जलते पटाखे की चिंगारी पड़ने से आंख में चोट लगने के केस दिवाली की देर शाम से ही आने लगे। मंगलवार शाम तक पीड़ितों के आने का सिलसिला जारी रहा। डॉ.संजय ने बताया कि चिंगारी पड़ने से पीड़ित अधिकतर लोग 18 से 35 साल तक के हैं।

करीब दस पीड़ित लोगों की उस आंख की रोशनी चली गई है जिसमें पटाखे की चिंगारी पड़ी थी। बिना कॉर्निया प्रत्यारोपण हुए उनकी आंख की रोशनी वापस आना अब संभव नहीं है। आठ पीड़ितों की आंख की पलकें और पुतली जल जाने के चलते सर्जरी कराना जरूरी हो गया है। बीस पीड़ित ऐसे हैं जो पटाखे खुद जला रहे थे जबकि दस लोग पटाखे जलते हुए देख रहे थे। सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान की प्रशासनिक अधिकारी गरिमा सिंह ने बताया कि आंख में पटाखे की चिंगारी पड़ने के बाद कई पीड़ित सीधे इलाज को नहीं पहुंचे। उन्हें किसी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संस्थान के लिए रेफर किया गया। तीन साल के बच्चे की आंख पर पड़ा पटाखे का पत्थर मुरादाबाद। छोटे और बड़े बच्चों के साथ ही कई युवा दिवाली की रात पटाखे जलाने के दौरान चोटिल हुए। नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ.अतुल नाथ ने बताया कि तीन साल के एक बच्चे की आंख पर पटाखे का पत्थर उछलकर लग गया। जिससे उसकी आंख की कॉर्निया में खरोंच आ गई। इस बच्चे ने पटाखा बजाने के लिए इसे जमीन पर मारा था जिससे उसका पत्थर आंख पर पड़ गया। डॉ.अतुल ने बताया कि पटाखे जलाने के दौरान पटाखे से खुद की अधिक से अधिक दूरी बनाएं। आंखों को पूरी तरह से ढकने वाला प्रोटेक्टिव चश्मा लगाएं। इससे पटाखे की चिंगारी आंख में पड़ने का खतरा कम होगा।