
बार-बेंच मिलकर वादकारियों को त्वरित न्याय दिलाने में दें सहयोग : जिला जज
Moradabad News - मुरादाबाद में जिला बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिला जज सैय्यद माउज बिन आसिम का स्वागत किया गया। उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को समझने और त्वरित न्याय दिलाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में अन्य न्यायिक अधिकारियों और बार के सदस्यों ने भी भाग लिया।
मुरादाबाद। जिला बार एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला जज सैय्यद माउज बिन आसिम का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि जिला जज ने कहा कि वे स्वयं को अधिवक्ताओं के परिवार का हिस्सा मानते हैं और उनकी कार्यशैली भी इसी भावना को दर्शाएगी। उन्होंने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं से भली-भांति अवगत हैं और बार-बेंच मिलकर वादकारियों को त्वरित न्याय दिलाने में सहयोग दें। कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रसाद और महामंत्री सरदार प्रकाश वीर सिंह ने जिला जज को स्मृति चिन्ह भेंट किया। अपर जिला जज सुरेंद्र कुमार का स्वागत अनिल पाल सिंह ने शॉल ओढ़ाकर किया, जबकि अपर जिला जज धनेंद्र कुमार को डीजीसी सिविल अजय कुमार गुप्ता ने शॉल पहनाकर सम्मानित किया।
अपर जिला जज सुरेंद्र कुमार ने बार और बेंच को एक-दूसरे का प्रेरक बताते हुए कहा कि दोनों का तालमेल सूर्य और चंद्रमा की तरह है, जो एक-दूसरे को प्रकाश प्रदान करते हैं। अपर जिला जज धनेंद्र कुमार ने मुरादाबाद के अधिवक्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां के वकील न्यायिक अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार अध्यक्ष हर प्रसाद ने की और संचालन महामंत्री सरदार प्रकाश वीर सिंह ने किया। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य श्रीष महरोत्रा ने अधिवक्ताओं के कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। एल्डर कमेटी के चेयरमैन फारूक अहमद निज़ामी ने जिला जज का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में डीजीसी सिविल अजय कुमार गुप्ता, अनिल पाल सिंह, सोमपाल सिंह, जयवीर सिंह, शेर सिंह, वीके मालवीय, संजीव तिवारी आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




