Moradabad News: मुरादाबाद जिले में बनेंगे 101 स्वास्थ्य उप केंद्र, 47 की जगह फाइनल
Moradabad News: जिलाधिकारी अनुनय झा ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। जिले के 101 प्रस्तावित स्वास्थ्य उपकेंद्रों में से 47 के लिए भूमि मिली है; शेष 54 के लिए विवरण मांगा गया। उन्होंने कैंसर के संभावित मरीजों की पहचान, डेटा फीडिंग और प्रसव सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती की। अस्पतालों में क्यूआर कोड लगाने और बिलारी सीएचसी में ट्रायज बनाने के निर्देश भी दिए।

Moradabad News: जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक की गई। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित स्वास्थ्य उपकेन्द्रों की समीक्षा की। सीएमओ डा. कुलदीप सिंह ने बताया कि 101 के सापेक्ष 47 उपकेंद्रों के लिए भूमि मिल गई है। जिलाधिकारी ने शेष 54 उपकेंद्रों के लिए जमीन उपलब्धता के लिए तहसील और ग्रामवार विवरण मांगा। ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के संभावित मरीजों को चिन्हित करने में संवेदनशीलता न बरतने पर जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को सख्त हिदायत दी। डीपीएम और डीसीपीएम के लापरवाह रवैये पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि डेटा फीडिंग एवं अन्य कार्यों में लापरवाही पर वेतन रुकेगा।
डीएम ने कहा जिला चिकित्सालय (पुरुष), जिला महिला चिकित्सालय, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई और सभी सीएचसी में क्यूआर कोड सार्वजनिक रूप से चस्पा कराया जाए ताकि आमजन को पर्चा बनवाने के दौरान भुगतान के लिए असुविधा का सामना न करना पड़े। बिलारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रायज बनाया जाएगा ताकि मरीजों की अधिकता के बावजूद भी जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार मिलने में कोई दिक्कत न हो। प्रसव में उदासीनता बरतने वाली आशाओं को चिन्हित करने का भी निर्देश दिया। जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत तैनात 19 टीमों में से सबसे खराब प्रगति वाली टीमों को चिन्हित करके नोटिस जारी करने के लिए कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह आदि रहे।

