
साइबर ठगों ने व्यापारी से 5.75 लाख कराए ट्रांसफर, केस
Moradabad News - मुरादाबाद के व्यापारी सुधीर कुमार राठौर से साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 5.75 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने एक युवती नैना वर्मा के माध्यम से डिमेट खाता खोला और शेयर खरीदने के लिए पैसे ट्रांसफर किए। जब पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठग ने धोखा दे दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी से साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 5.75 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना मझोला के लाइनपार कुन्दनपुर निवासी व्यापारी सुधीर कुमार राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते छह नवंबर को उन्हें एक वाट्सएप ग्रुप पर एड किया गया। इसके बाद नैना वर्मा नाम की युवती ने वाट्सएप नंबर पर ही डिमेट खाता खोलने को कहा। उसने उस खाते के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग कर ज्यादा मुनाफा कमाने के बारे में बताया। सुधीर कुमार के अनुसार बाद में युवती ने एमएसपीएल-डीएमए साइट पर उनका डिमेट खाता खुलवा दिया।
इसके बाद नैना वर्मा ने उस डिमेट अकाउंट में ट्रैड करने के लिए पैसे एड करने को कहा। उसकी बातों में आकर सुधीर कुमार ने पहली बार में 31 हजार रुपये के 100 शेयर खरीदे। उन शेयरों के दाम बढ़े दिखाई दिए तो सुधीर कुमार राठौर ने 23 बार में कुल पांच लाख 75 हजार रुपये के शेयर खरीद लिए। सुधीर का कहना है कि उनके डिमेट एकाउंट में सात लाख 41 हजार 965 रुपये का प्रोफिट भी दिखने लगा। लेकिन जब रुपये निकालने का प्रयास किए तो सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित ने उस नैना वर्मा नाम की युवती को कॉल करके पूछा तो उसने यह कहकर टाल दिया कि आपका क्रेडिट सकोर लो है। और पैसे देंगे तब ही आपका पैसा निकल सकेगा। जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और साइबर क्राइम पोर्ट पर शिकायत की। इस संबंध में सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मझोला थाने में ठगी और आईटी एक्ट का केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




