
कार्यशाला में साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
Moradabad News - साइबर अपराध और ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है। साइबर एक्सपर्ट डॉ. रक्षित टंडन ने पुलिसकर्मियों को कार्यशाला में मोबाइल फोन और लैपटॉप में सिक्योरिटी फीचर्स का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने धोखाधड़ी के विभिन्न प्रकारों और उनसे बचने के तरीकों पर भी जानकारी साझा की।
हम थोड़ी सकर्तता बरतकर साइबर अपराध और साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि का उपयोग सावधानी पूर्वक करें और उसमें सिक्योरिटी फीचर्स का प्रयोग जरूर करें। ये बातें साइबर एक्सपर्ट डॉ. रक्षित टंडन ने कार्यशाला के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रतिभागियों को दी। मंगलवार को पंचायत भवन में पुलिस की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ डीआईजी मुनिराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल ने किया। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट ने कार्यशाला में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और परिक्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्र से आए लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने साइबर अपराधों से संबंधित अलग-अलग प्रकार की धोखाधड़ी के बारे में बताया। इसके साथ ही इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के भी टिप्स दिए। कार्यशाला के दौरान उन्होंने बताया कि मोबाइल में मौजूद तमाम फीचर्स का उपयोग करके हम किस तरह अपने डाटा को सुरक्षित रख सकते हैं। यह भी कहा कि साइबर अपराध से संबंधित जानकारी अपने परिजनों और समाज के अन्य सदस्यों तक पहुंचाए ताकि साइबर अपराधों से आम जन भी सुरक्षित रह सकें। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्टर पर प्रदर्शन देकर बताया कि किस तरह हम छोटी-छोटी गलती करके साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं। कहा कि आपको लगता है कि मोबाइल में आपका डाटा सुरक्षित है, लेकिन यदि आप सतर्क नहीं है तो साइबर अपराधी आपका डाटा आसानी से चोरी कर सकते हैं। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के डाटा चोरी डोने के केस का जिक्र करते हुए कहा कि जब आप कोई भी मोबाइल ऐप या वेबसाइट खोलते हैं और उसमें आपसे मोबाइल का डाटा देखने का अनुमति व खुद ले लेता है। बाद में उस कंपनी को ही हैक कर साइबर अपराधी डाटा चुरा लेते हैं। सिक्योरिटी फीचर्स का प्रयोग करें अपने मोबाइल और लैपटॉप में सिक्योरिटी फीचर्स का प्रयोग करें, ये आपको अलर्ट करते रहेंगे। बिना जानकारी के कोई भी एपीके फाइल न खोलें, ये आपके लिए नुकसान दायक हो सकती है। उन्होंने साइबर सुरक्षा के तमाम टिप्स दिए और इसके लिए प्रयोग किए जाने वाले मोबाइल ऐप और वेबसाइटों के बारे में बताया। साथ ही यह भी बताया कि साइबर ठगी या साइबर अपराध का शिकार होने पर आप कैसे शिकायत करके कार्रवाई करा सकते हैं। कार्यशाला में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसपी देहात कुंवर अकाश सिंह, एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार समेत कई सीओ मौजूद रहे। इसमें परिक्षेत्र के प्रत्येक थाने के नोडल अधिकारी, साइबर हेल्ड डेस्क इंचार्ज ओर उसमें नियुक्त पुलिसकर्मी शामिल रहे। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र से पांच-पांच लोग भी कार्यशाला में हिस्सा लिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




