साइबर ठगों के गैंग से जुड़ा मैनाठेर का युवक गिरफ्तार
Moradabad News - मुरादाबाद में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मैनाठेर के निवासी जाहिद हुसैन को गिरफ्तार किया है। वह भोलेभाले लोगों के म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी के पैसे निकालने का काम करता था। आरोपी से दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और दो सिमकार्ड बरामद हुए हैं। उसका साथी फरार है।

मुरादाबाद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठग गिरोह के लिए काम करने वाले मैनाठेर के गांव निवासी जाहिद हुसैन को नया मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। हालांकि आरोपी का एक साथी पुलिस टीम को देख मौके से भाग निकला। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, दो एटीएम और दो सिमकार्ड बरामद किए हैं। आरोपी जाहिद हुसैन भोलेभाले लोगों के म्यूल अकाउंट बैंक में खुलवाकर उसमें साइबर ठगी के पैसे मंगाकर उसे निकालकर ठगों को देने का काम करता है। एसपी क्राइम ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि साइबर क्राइम थाना प्रभारी विवेक शर्मा और एसआई शिवम तायल को सूचना मिली कि भोले-भाले लोगों के म्यूल बैंक खाते खुलवाकर, बैंक खातों में साइबर ठगी का पैसा मंगवाकर एटीएम से निकालने वाले गिरोह के दो सदस्य नया मुरादाबाद क्षेत्र में महाकालेश्वर धाम मंदिर के पास खड़े हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से मैनाठेर के गांव बरेठा खिरजपुर निवासी जाहिद हुसैन को पकड़ लिया, हालांकि उसका एक साथी मौके से भाग गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी जाहिद के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड ओर दो सिमगार्ड बरामद किए गए। एसपी क्राइम के अनुसार पूछताछ में आरोपी जाहिद हुसैन ने बताया कि मौके से भागने वाला आरोपी पाकबड़ा के ख्वाजा कालोनी में रहने वाला संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मंसूरपुरी माफी निवासी औरंगजेब है। आरोपी जाहिद ने बताया कि करीब एक साल पहले ओरंगजेब उसे अपने साथ दुबई लेकर गया था। वहां पर औरंगजेब ने जाहिद की मुलाकात मैनठेर के गांव गुरेर निवासी उवैस से मिलवाया। जाहिद ने पुलिस को बताया कि उवैस ने ही उसे साइबर ठगी का काम सिखाया। उससे मिलने के बाद ही जाहिद और औरंगजेब मिलकर म्यूल खातों में साइबर ठगी का पैसा डलवाते और उसे एटीएम से निकाल कर बांट लेते थे। आरोपी बीते एक साल से यही काम कर रहे हैं। आरोपी जाहिद हुसैन ने यह भी बताया कि उसके पास से जो एटीएम कार्ड मिले हैं, उसे दूसरे के नाम से म्यूल खाता खुलवा कर अपने पास रख लिया था। एसपी क्राइम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार चल रहे आरोपी औरंगजेब की तलाश की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये दोनों आरोपी किसी-किसी साइबर ठग गिरोह के लिए काम कर चुके हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


