Moradabad News: कमिश्नर ने छात्राओं को बताया सबसे बड़ा आभूषण क्या...
Moradabad News: मुरादाबाद में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने छात्राओं को समाचार-पत्र पढ़ने और आत्मरक्षा में प्रशिक्षण देने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए, छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Moradabad News: मुरादाबाद। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने छात्राओं से संवाद किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय नगर की छात्राओं से उन्होंने बात की। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि समाचार-पत्र अथवा पुस्तकों में आने वाले कठिन शब्दों का अर्थ अपने शिक्षक से पूछकर समझें और उनका सही प्रयोग सीखें। कक्षा 6, 7 एवं 8 की छात्राओं से आत्मरक्षा के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन भी किया। मंडलायुक्त ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के समय विद्यालय में कुल 100 छात्राओं के सापेक्ष 93 छात्राएं उपस्थित मिलीं, जबकि 7 छात्राएं अवकाश पर होने के कारण अपने माता-पिता के साथ घर गई हुई थीं।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सबसे बड़ा आभूषण अच्छी शिक्षा है। उन्होंने कहा कि शब्द भंडार एक संदूक के समान है, जिसमें हमारे शब्द सुरक्षित रहते हैं और आवश्यकता के अनुसार उनका प्रयोग किया जा सकता है। मंडलायुक्त ने छात्राओं को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने, जिज्ञासु बनने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए अच्छी तरह पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में मंडलायुक्त ने विद्यालय के शयनकक्ष की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बॉक्स वाले बेड रखने का सुझाव दिया। भोजन व्यवस्था को संतोषजनक पाया।

