ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मुरादाबादआसमान से आग बरसी, शहर में धूप का कप‌र्यू

आसमान से आग बरसी, शहर में धूप का कप‌र्यू

आषाढ़ के महीने में जेठ जैसी चिलचिलाती धूप और भादों जैसी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। शनिवार को दिन के समय शहर का जनजीवन धूप के कफ्र्यू में सिमटकर रह गया। ट्रैफिक जाम में घिरी रहने वाली सड़कों पर दिन...

आसमान से आग बरसी, शहर में धूप का कप‌र्यू
हिन्दुस्तान टीम,मुरादाबादSat, 23 Jun 2018 07:13 PM
ऐप पर पढ़ें

आषाढ़ के महीने में जेठ जैसी चिलचिलाती धूप और भादों जैसी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। शनिवार को दिन के समय शहर का जनजीवन धूप के कफ्र्यू में सिमटकर रह गया। ट्रैफिक जाम में घिरी रहने वाली सड़कों पर दिन के ज्यादातर घंटे सन्नाटा पसरा रहा।

शनिवार को गर्मी ने इंतिहा कर दी। सुबह से आग उगलने लगे सूरज ने दोपहर को आसमान से आग बरसने का एहसास कराया। धूप के साथ गर्म हवा से आंखें और त्वचा जल उठी। दिन का अधिकतम तापमान इकतालीस डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना रहा, लेकिन इसके साथ उमस और ज्यादा बढ़ गई। अत्यधिक तापमान के साथ वातावरण की नमी काफी ज्यादा बढ़ जाने से लोग बिलबिला उठे। शनिवार को शहर के जनजीवन पर गर्मी के कहर का असर साफ दिखाई दिया। मध्यान्ह बारह बजे के बाद बहुत जरूरी काम होने पर ही लोगों ने बाहर निकलना मुनासिब समझा। लोकोशेड पुल, टाउनहाल, अमरोहा गेट, गुरहट्टी चौराहा आदि जगहों पर शाम तक ट्रैफिक जाम की जगह कमोबेश सन्नाटा पसरा नजर आया।

ओपीडी में सुबह भीड़, दोपहर वीरानी छाई

जबरदस्त गर्मी के चलते मरीजों ने डॉक्टर को दिखाने के लिए सुबह जल्दी से जल्दी अस्पताल का रुख कर लिया। जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह नौ बजे से ग्यारह बजे तक मरीजों की भारी भीड़ रही। जबकि, ग्यारह बजे के बाद पहुंचने वाले मरीज बहुत कम रहे। मौसम के तेवर देखकर गर्मी बढ़ने से पहले ही अस्पताल में डॉक्टर को दिखाकर घर लौट आने की जल्दी साफ दिखाई दी।

देर शाम रौनक में बदला सन्नाटा

भयंकर गर्मी और उमस के चलते शनिवार को दिन में लोग घरों में ही दुबके रहे। हालांकि, तापमान के साथ ही नमी बहुत ज्यादा होने के कारण घर के अंदर भी राहत महसूस नहीं हुई। अलबत्ता, चिलचिलाती धूप की मार से बचाव जरूर हो गया। दिन भर घरों में दुबके रहे लोग देर शाम बाहर निकले। उमस बनी रहने के बावजूद लोगों में पार्कों, माल आदि में वीकएंड का लुत्फ लेने की बेताबी नजर आई। नया मुरादाबाद स्थित हर्बल पार्क में देर शाम हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।

अच्छी बारिश के आसार, जल्द मिलेगी राहत

भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में जल्द ही बारिश होने के आसार बन रहे हैं। दो दिन के बाद मौसम में बदलाव की हलचल दिखाई दे सकती है। अगले हफ्ते मंगलवार से आसमान पर बादल छाने लगेंगे। बुधवार और गुरुवार को अच्छी बारिश होने का अनुमान जाहिर किया गया है। जून के आखिरी हफ्ते के साथ ही जुलाई के पहले हफ्ते में भी बारिश होने की संभावना बन रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें