
सगाई के बाद दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता, मंगेतर समेत पांच पर केस
Moradabad News - दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर मंगेतर ने युवती से सगाई तोड़ दी। बिना दहेज के शादी करने से मना कर दिया। युवती की मां की शिकायत पर पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी मंगेतर और उसके परिवार के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर मंगेतर ने पाकबड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवती से सगाई करने के बाद रिश्ता तोड़ दिया। उसने बिना दहेज के शादी करने से साफ मना कर दिया। युवती की मां की तहरीर पर पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी मंगेतर, उसके भाई, मां और बहन-बहनोई के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पाकबड़ा थाना थाना क्षेत्र के नैमतुल्लानगर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। उन्होंने अपनी 21 वर्षीय बेटी का रिश्ता हकीमपुर गांव निवासी बिचौलिया के माध्यम से मैनाठेर के हुसैनपुर निवासी राजकमल से डेढ़ साल पहले तय किया था।
उस समय राजकमल के परिजनों ने बिना दानदहेज शादी करने की बात कही थी। महिला के अनुसार रिश्ता तय होने के बाद बेटी के मंगेतर राजकमल, उसके भाई मनोज, मां प्रेमवती के साथ ही बहन और बहनाई ने दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग की। युवती की मां के अनुसार उसने इतना खर्च करने में असमर्थता जताई तो बेटी के मंगेतर और उसके परिवार वालों ने शादी करने से मना कर दिया। रिश्ता तोड़ने के बाद गाली गलौज कर कहीं शिकायत करने पर जान से मारने तक की धमकी दी। एसओ पाकबड़ा योगेश कुमार ने बताया कि आरोपी मंगेतर राजकमल, उसक भाई मनोज, मां प्रेमवती, बहन और बहनोई समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




