
आठ दिन से लापता युवक का शव नाले में मिला
Moradabad News - मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में एक युवक का शव नाले में मिला। युवक, फरमान (21 वर्ष), घर से नाराज होकर गया था और उसकी मां से बहस के बाद लापता हो गया था। पुलिस ने बताया कि युवक नशे का आदी था और संभवतः नशे की हालत में नाले में गिरकर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मुरादाबाद। आठ दिन पहले घर से नाराज होकर निकले कटघर क्षेत्र निवासी युवक का शव बुधवार को नाले में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्तगी के बाद पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। माना जा रहा है कि नशे की हालत में नाले में गिरने के बाद युवक बाहर नहीं निकल पाया और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। कटघर थाना के दस सराय चौकी क्षेत्र में संभल रोड संजय नगर स्थित पेट्रोल पंप के सामने नाले में बुधवार सुबह को करीब 10:30 बजे एक युवक का शव मिला। नजर पड़ने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
थोड़ी देर में ही एसएचओ कटघर विनोद कुमार, दस सराय चौकी प्रभारी सुनील कुमार राठी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने काफी मशक्कत से शव को बाहर निकलवाया। कुछ देर बाद ही मरने वाले की पहचान कटघर के करूला इलाके के इसलामनगर मोती मस्जिद के पास रहने वाले फरमान(21 वर्ष) पुत्र इमरान के रूप में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरमान दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। वह अक्सर मुरादाबाद आ जाता था। बीते 24 दिसंबर को वह घर आया था। किसी बात को लेकर उसकी मां से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। एसएचओ कटघर विनोद कुमार ने बताया कि शिनाख्तगी के बाद गुरुवार को पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि फरमान नशा करने का भी आदी था। माना जा रहा है कि नशे की हालत में वह नाले के पास गया होगा ओर गिरने से डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




