पांच लाख का इनाम निकलने का झांसा देकर 37 हजार उड़ाए
मुरादाबाद। पांच लाख रुपए का इनाम निकलने का झांसा देकर ठगों ने किराना व्यापारी से सैंतीस हजार रुपए की ठगी कर ली। तय समय बाद भी पैसे एकाउंट में नहीं...
मुरादाबाद। पांच लाख रुपए का इनाम निकलने का झांसा देकर ठगों ने किराना व्यापारी से सैंतीस हजार रुपए की ठगी कर ली। तय समय बाद भी पैसे एकाउंट में नहीं पहुंचे तब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ। व्यापारी ने सिविल लाइंस पुलिस से जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ठगी का शिकार व्यापारी प्रवीन कुमार सिविल लाइंस के आशियाना कालोनी का रहने वाला है। वह किरना व्यापारी है। सिविल लाइंस पुलिस को बताया कि करीब एक माह पूर्व नामचीन कंपनी से ऑन लाइन गिफ्ट मंगवाया था। इसके बाद एक नंबर से कॉल आई। बताया कि दिवाली धमाका योजना के तहत पांच लाख रुपए का इनाम निकला है। इसके बाद उसने एकाउंट नंबर भेजकर सैंतीस हजार रुपए गूगल पे से ट्रांसफर करवा लिए। बताया कि तीन दिन के भीतर पांच लाख रुपए एकाउंट में पहुंच जाएंगे। पांच दिन बीतने के बाद भी पैसे एकाउंट में ट्रांसफर नहीं हुए। इसके बाद व्यापारी ने दिए गए नंबर को मिलाया तो वह बंद निकला। तब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ। सिविल लाइंस पुलिस जालसाजों की तलाश में जुट गई है।