छजलैट में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत
भांजा भी बुरी तरह हुआ घायल, बीमार मौसा को देखने जाते समय हुआ हादसा
छजलैट थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला की मौत हो गई। भांजा बुरी तरह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बीमार मौसा को देखने के लिए डिलारी से छजलैट जा रही थी। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे में जान गंवाने वाली सुनीता(45) डिलारी की रहने वाली थीं। पति इंद्रपाल की पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार में तीन बच्चे जूली, पंकज और बेबी है। दो दिन पूर्व सुनीता अपने भांजे मोनू के साथ बाइक द्वारा अपनी बहन के घर अगवानपुर आई थीं। गुरुवार सुबह वह छजलैट के संदलीपुर गांव निवासी बीमार मौसा को देखने के लिए जा रही थी। लदावली और कोकरपुर के बीच बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा मोनू भी बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उसने घायल मोनू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना से सुनीता के परिवार में कोहराम मच गया। तीनों बच्चे अनाथ हो गए। तीनों का बुरा हाल था। छजलैट इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।