
तीन बच्चों की मां को बहलाफुसला कर किया अगवा, केस दर्ज
Moradabad News - मझोला थाना क्षेत्र की एक महिला, जो तीन बच्चों की मां है, को बिलारी क्षेत्र के एंबुलेंस चालक ने अगवा कर लिया। महिला ने अपनी एक बेटी को भी साथ ले लिया। पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस महिला और बेटी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।
मझोला थाना क्षेत्र निवासी तीन बच्चों की मां को बिलारी क्षेत्र निवासी एंबुलेंस चालक बहलाफुसला कर अगवा कर ले गया। जाते समय महिला अपनी एक बेटी को भी साथ ले गई। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना मझोला के लाकड़ी फाजलपुर चौकी क्षेत्र निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2019 को रामपुर के शाहबाद रोड के गांव निवासी युवती से हुई थी। उसके तीन बेटियां हैं। इस बीच 2024 में बिलारी थाना क्षेत्र के सोनारा निवासी राजकुमार दिवाकर उसके यहां किरायेदार के रूप में आ गया, जो एक प्राइवेट अस्पताल में एम्बुलेंस चलाता है।
युवक ने पुलिस को बताया कि बीते 17 सितंबर 2025 को वह किसी काम से बाहर गया था, लौट कर आया तो बड़ी बेटी ने कहा मम्मी सुबह से नहीं मिल रही हैं। पीड़ित के अनुसार उसने अपनी ससुराल में कॉल किया, लेकिन वहां से भी कोई सूचना नहीं मिली। आरोप लगाया कि राजकुमार ही उसकी पत्नी को बहलाफुसला कर अपने साथ लेगया और बंधक बनाकर रखा है। जाते समय पत्नी छोटी बेटी को भी साथ ले गई है। युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी राजकुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पत्नी और बेटी को बरामद कर सुपुर्दगी में देने की मांग की है। इस संबंध में एसएचओ मझोला रविंद्र कुमार ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर आरोपी राजकुमार दिवाकर के खिलाफ बहलाफुसला कर अगवा करने का केस दर्ज किया गया है। महिला की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




