UP Weather: यूपी में मार्च के दूसरे सप्ताह में मई जैसी गर्मी, इस शहर में टूटा 50 साल का रिकार्ड

Mar 10, 2026 06:19 am ISTYogesh Yadav मुरादाबाद, वरिष्ठ संवाददाता
share

यूपी में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही मई जैसी भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने पिछले 50 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं, दिन का पारा पिछले 12 वर्षों में सबसे अधिक रहा।

UP Weather: यूपी में मार्च के दूसरे सप्ताह में मई जैसी गर्मी, इस शहर में टूटा 50 साल का रिकार्ड

मार्च के पहले हफ्ते तक ठंड का अहसास हो रहा था, जबकि दूसरे सप्ताह में मई जैसी गर्मी पड़ने लगी है। सोमवार को दिन के समय चिलचिलाती धूप के साथ ही हवा में खासी गर्माहट महसूस की गई। दोपहर में कुछ देर तो लू चलने जैसा आभास हुआ। इस बार मार्च के महीने में गर्मी पिछले रिकार्ड तोड़ती नजर आ रही है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान पिछले 12 साल में सबसे अधिक रिकार्ड किया गया, जबकि रात में अधिकतक तापमान में 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मार्च के दूसरे हफ्ते में रात का न्यूनतम तापमान पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मुरादाबाद में कम से कम पिछले पचास सालों में पहली बार मार्च के दूसरे हफ्ते में ही रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंचा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। मौसम के साफ बना रहने के चलते तापमान के बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ की गैरहाजिरी ने बनाए अप्रत्याशित गर्मी के हालात

मुरादाबाद। पिछले करीब सवा महीने से पश्चिमी विक्षोभ का नामोनिशान नहीं होने से मौसम के तेवर अप्रत्याशित तौर पर काफी ज्यादा गर्म हो उठे। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अमूमन, फरवरी के पूरे महीने और मार्च के पहले पखवाड़े में पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव काफी रहता है। जिसके चलते पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी और मैदानों में भी हो जाने वाली बारिश मौसम को सर्द बनाए रखती है। अमूमन, मार्च के आखिरी हफ्ते से ही तापमान तेजी से बढ़ना शुरू होता है।

चढ़ते पारे पर 15 को लग सकता है ब्रेक

मुरादाबाद। मौसम विभाग ने मुरादाबाद में 15 मार्च को आसमान पर आंशिक तौर से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जाहिर की है। बारिश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो सकती है। निर्धारित पूर्वानुमान के अनुरूप अगर बारिश हुई तो तापमान तेजी से ऊपर चढ़ने के सिलसिले पर ब्रेक लग सकता है।

राजकीय मौसम वेधशाला प्रभारी निसार अहमद अंसारी के अनुसार सामान्य तौर पर मुरादाबाद में मार्च के महीने का मौसम गर्मी और सर्दी का मिश्रित प्रभाव लिए रहता है, लेकिन इस बार अप्रत्याशित तौर पर तापमान काफी अधिक बढ़ गया है। विशेष रूप से रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड होने की वजह से गर्मी काफी अधिक महसूस की जा रही है।

बीस साल में दर्ज तापमान

वर्ष अधिकतम न्यूनतम

2026 32 20

2025 31 18

2024 30 16

2023 30 17

2022 31 18

2021 28 15

2020 31 17

2019 28 16

2018 29 18

2017 27 17

2016 31 17

2015 28 19

2014 34 16

2013 24 04

2012 27 17

2011 29 14

2010 30 16

2009 31 17

2008 26 14

2007 29 16

2006 31 15

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।