मासूम को दबोचकर भाग रहे तेंदुए से भिड़ी मां, मौत के जबड़े से छीन लिया अपने कलेजे का टुकड़ा

Mar 10, 2026 06:31 am ISTYogesh Yadav ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) संवाददाता
share

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में मां पिंकी ने गन्ने से हमला कर अपने 3 वर्षीय बेटे को तेंदुए के जबड़े से बचा लिया। तेंदुआ बच्चे को गर्दन से दबोचकर खेत में ले जा रहा था। गंभीर घायल बच्चे को दिल्ली रेफर किया गया है। ग्रामीण वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।

मासूम को दबोचकर भाग रहे तेंदुए से भिड़ी मां, मौत के जबड़े से छीन लिया अपने कलेजे का टुकड़ा

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात ममता और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 'मौत' के रूप में आए एक खूंखार तेंदुए के जबड़े से एक मां ने अपने तीन साल के कलेजे के टुकड़े को छीन लिया। अपनी जान की परवाह किए बिना यह बहादुर मां तब तक तेंदुए से लड़ती रही, जब तक कि वह बच्चे को छोड़कर भाग नहीं गया।

खेलते समय अचानक हुआ हमला

घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। ग्राम तरफ दलपत निवासी रवि कुमार का मकान जंगल और गन्ने के खेतों से बिल्कुल सटा हुआ है। उनका तीन वर्षीय पुत्र मोक्ष कुमार (टीटू) अपनी मां पिंकी और बड़े भाई के साथ घर के बाहर खेल रहा था। रात का अंधेरा होने के कारण कोई देख नहीं पाया कि पास के गन्ने के खेत में एक खूंखार तेंदुआ घात लगाकर बैठा है। जैसे ही मोक्ष थोड़ा आगे बढ़ा, तेंदुए ने अचानक छलांग लगाई और बच्चे की गर्दन को अपने मजबूत जबड़ों में दबोच लिया।

जब मौत से टकरा गई ममता

तेंदुआ मासूम मोक्ष को घसीटते हुए अंधेरे गन्ने के खेतों की ओर ले जाने लगा। बच्चे की हृदय विदारक चीख सुनकर मां पिंकी बदहवास होकर बाहर दौड़ीं। सामने का मंजर देखकर किसी के भी हाथ-पांव फूल जाते, लेकिन पिंकी ने हिम्मत नहीं हारी। पास ही गन्ने का ढेर पड़ा था, जहाँ से उन्होंने एक मोटा गन्ना उठाया और बिना सोचे-समझे तेंदुए पर टूट पड़ीं। उन्होंने तेंदुए के सिर और बदन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए इस जवाबी हमले से तेंदुआ सकपका गया। उसे उम्मीद नहीं थी कि कोई इंसान उस पर इस तरह हावी होगा। आखिर में तेंदुआ बच्चे को लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

बच्चे की हालत नाजुक, दिल्ली रेफर

तेंदुए के हमले में मासूम मोक्ष बुरी तरह घायल हो गया है। खूंखार जानवर ने बच्चे का आधा कान चबा लिया है और उसके सिर व गले पर गहरे जख्म हैं। शोर सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जमा हो गए और आनन-फानन में बच्चे को काशीपुर (उत्तराखंड) के सहोता अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को न्यूरो और प्लास्टिक सर्जरी की तत्काल आवश्यकता है, जिसके बाद उसे रात में ही दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में उबाल

घटना की जानकारी मिलने पर वन दरोगा पीयूष जोशी के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची और पदचिह्नों की जांच की। हालांकि, ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से तेंदुए की मौजूदगी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन विभाग ने पिंजरा नहीं लगाया। अब पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।