
गांवों में विकास की हर माह समीक्षा, खुली चौपाल, पंचायत चुनाव से पहले सीएम योगी सख्त
यूपी में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा की है। उन्होंने गांवों में विकास को लेकर हर माह समीक्षा बैठक करने और खुली चौपाल समेत कई निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की। अधिकारियों से कहा कि हर ग्राम पंचायत में खुली चौपाल व्यवस्था की जाए। पंचायती राज विभाग के सभी अधिकारियों की वर्ष में एक बार लखनऊ में भौतिक रूप से विकास कार्यों की समीक्षा की जाए। हर माह वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज विभाग एक-एक कार्यों की मॉनिटरिंग का एक मजबूत सिस्टम बनाएं ताकि समय से योजनाएं पूरी हो सकें। इसके साथ ही लाभार्थियों का सत्यापन और नए लाभार्थियों का चयन किया जाए। हर ग्राम पंचायत में ग्राम सचिवालय और अन्य स्थानों पर 15 से 16 लोगों को सरकार द्वारा रोजगार दिया गया है। सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सभी को माध्यम बनाया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उत्सव भवन के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। योगी ने कहा कि यूपी तभी आत्मनिर्भर बन सकता है जब हमारी ग्राम पंचायतें भी आत्मनिर्भर बनें। ऐसे में ग्राम पंचायतों की आय को बढ़ाने के लिये कार्ययोजना बनाकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पंचायत उत्सव भवन का उपयोग बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता पर मांगलिक कार्यों के लिए किया जाए। उत्सव भवन के निर्माण में कंपनियों से कॉरपेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड, विधायक निधि और मातृभूमि योजना के तहत प्रवासी भारतीयों की मदद ली जाए।
पूरे देश में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में यूपी के पहले स्थान पर रहने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई। वर्तमान वित्तीय वर्ष में देश में बने कुल 17.26 लाख शौचालयों में से 4.79 लाख यानी 28 प्रतिशत अकेले यूपी में बनें हैं । योगी ने ग्रामीण क्षेत्रों में सीवर व ग्रे वाटर का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के स्रोत बढ़ाने और गांव की जमीन से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए ।
हर ग्राम पंचायत में बनाया जाए एक इंटीग्रेटेड कैंपस, जहां मिले मूलभूत सुविधाएं
योगी ने निर्देश दिये कि हर ग्राम पंचायत में यथासंभव इंटीग्रेटेड कैंपस बनाया जाए, जहां विद्यालय, उत्सव भवन, खेल के मैदान, ओपन जिम, पार्क आदि की व्यवस्था हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटीग्रेटेड कैंपस के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। इनका निर्माण ऐसे स्थान पर हो, जहां पर हर किसी की पहुंच आसान हो।
अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में लाएं तेजी
बैठक में सीएम को अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का 9.67 लाख निर्माण का लक्ष्य दिया गया था, इसके सापेक्ष अब तक 4.79 लाख शौचालय निर्मित हो चुके हैं। इसी के साथ उत्तर प्रदेश पूरे देश में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में पहले स्थान पर है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में देश में निर्मित कुल 17.26 लाख शौचालयों में से 28 प्रतिशत अकेले उत्तर प्रदेश में निर्मित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 282 प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के निर्माण का लक्ष्य दिया गया था जिसके सापेक्ष 103 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन इकाइयों से 304 विकास खंड और नगरीय एमआरएफ से 515 विकास खंड आच्छादित हैं। वहीं, 132 इकाइयां निर्माणाधीन हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों की थपथपाई पीठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष जिला पंचायतों द्वारा राजस्व वसूली का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिला पंचायतों द्वारा 334.10 करोड़ की राजस्व वसूली प्राप्त हुई थी जो लक्ष्य के सापेक्ष 81.23 प्रतिशत थी। वहीं, वर्तमान वित्तीय वर्ष में नवंबर माह तक 271.48 करोड़ के राजस्व की वसूली हुई है जो लक्ष्य के सापेक्ष 140.89 प्रतिशत है। योगी ने विभागीय अधिकारियों की इस उपलब्धि के लिये सराहना की। साथ ही राजस्व वसूली के कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।
उत्सव स्थलों का हो जनसमुदाय के लिए उपयोग
योगी ने निर्देश दिये कि उत्सव भवन का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर मांगलिक कार्यक्रम के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य दिनों में उत्सव भवन का उपयोग योग/वेलनेस के लिए किया जाए। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये कि सहालग के दौरान कई मांगलिक कार्यक्रम होने पर समय तय कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को उत्सव भवन का लाभ दें। ब्लॉक स्तर पर भी योजना का विस्तार किया जाए।
मातृभूमि योजना से ज्यादा से ज्यादा प्रवासियों को जोड़ने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मातृभूमि योजना से उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को जोड़ने के निर्देश दिये। योगी ने कहा कि योजना के तहत अपना सहयोग देने वाले प्रवासियों के पूर्वजों के नाम पर परियोजना का नाम रखा जाए। साथ ही उन्हे प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किए जाए ताकि अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा लें।
सीवर एवं ग्रे वाटर के ट्रीटमेंट के निस्तारण की समुचित व्यवस्था हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों में देश में विकसित व सफल पद्धति के माध्यम से सीवर और ड्रेनेज के पानी को शुद्ध किया जा सकता है और इसका इस्तेमाल खेती के साथ बागवानी के लिए किया जाए। प्रदेश में 160 एफएसटीपी के निर्माण का कार्य अति शीघ्र प्रारंभ किए जाए। अधिकारियों से इस ओर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।
डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें पूरा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि प्रदेश में 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा में पूरे किये जाएं। उन्होंने निर्देश दिये कि डिजिटल लाइब्रेरी में उपयोग होने वाले कंप्यूटर, फर्नीचर की क्वालिटी उत्कृष्ट हो तथा पुस्तकें स्थानीय छात्र छात्राओं की आवश्यकता के अनुरूप हों, इसका विशेष ध्यान दिया जाए।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



