Mohoba News: ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के लिए लोग कर रहे इंतजार
Mohoba News: कागजों में चौकस व्यवस्थाएं धरातल पर काम अधूरे

Mohoba News: महोबा, संवाददाता। जिले में पानी की समस्या के निस्तारण के लिए जल जीवन मिशन के तहत कराए गए काम भले ही कागजों में चाक चौबंद हो मगर धरातल पर लंबे समय से अधूरे पड़े कार्य कागजी दावों की पोल खोल रहे है। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने भी अधूरें कार्यों को लेकर मोर्चा खोल चुके है। जल जीवन मिशन के तहत जिले के गांव-गांव में पाइप लाइन बिछाकर आपूर्ति कराने की महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही से लोग पानी के लिए अभी भी परेशान हो रहे है। जिले में 3206 किमी लंबी लाइन बिछाकर 416 ओवर हैड टैंक के जरिए पानी की आपूर्ति कराना योजना में शामिल है। कागजों में 90 फीसदी के ऊपर कार्य होने का दावा किया जा चुका है मगर अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य अधूरे पड़े है। पनवाड़ी और महोबकंठ क्षेत्र में अभी भी लोग पानी के लिए परेशान है। पनवाड़ी क्षेत्र के नकरा, नगाराघाट, स्योढ़ी सहित अन्य गांवों में पाइप लाइन बिछने के बाद भी लोग पानी के लिए परेशान हो रहे है। जबकि अजनर क्षेत्र के इंद्रहटा, अजनर आदि गांवों में परेशानी है। कबरई के करहरा गांव में आधे गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है। सुरहा सहित अन्य गांव भी पानी की समस्या से जूझ रहे है। इन ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरहैड टैंक का निर्माण होने के बाद भी अभी भी कई ओवरहैड टैंक सूखे पड़े है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पनवाड़ी के तालाब काजीपुरा, मंडी, मुल्लनपुरा, आदि में पानी न आने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
अधूरे कार्यों को लेकर विधायक खोल चुके मोर्चा
महोबा। जल जीवन मिशन को लेकर चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के द्वारा जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव का काफिला रोककर अधूरें कार्यों की जानकारी दी थी। विधायक और मंत्री के आमने सामने के बाद गांव-गांव से काम अधूरें होने के मामले अधिकारियों तक पहुंचनें लगे। अभी भी पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क मरम्मत न होने के मामले अधिकारियों तक पहुंचते है। पनवाड़ी क्षेत्र में नवनिर्मित पानी की टंकी के लीकेज होने का मामला भी जमकर सुर्खियों में रहा। कुल मिलाकर समय सीमा के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पानी के लिए इंतजार कर रहे है.
जल जीवन मिशन के तहत कार्य अंतिम चरण पर
महोबा। जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्य अंतिम चरण पर है। महोबकंठ और पनवाड़ी क्षेत्र में टेस्टिंग का काम चल रहा है। जिन गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा उन गांवों में टीम को भेजकर काम कराया जा रहा है। लोगों को बेहतर से बेहतर आपूर्ति मुहैया कराने का काम किया जा रहा है। सूर्यकांत त्रिपाठी अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे।


