तंग गलियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे
Mohoba News - तंग गलियों में दमकल जाने की नहीं कोई जगह साल दर साल तंग गलियों में बढ़ रहा खतरा

महोबा, संवाददाता। शहर में तंग गलियों में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं है। गलियां इतनी तंग हो गई है कि यहां दमकल वाहन भी पहुंचना मुश्किल है। पूर्व में आग लगने पर यहां लाखों का नुकसान हो चुका है। यहां रहने वाले सैकड़ों घरों के लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। इन घरों में एसी लगने से खतरा और भी बढ़ता जा रहा है। शहर के गांधी नगर, उदल चौक, सुभाष चौक आदि में तंग गलियों में रहने वाले लोगों पर खतरा मंडरा रहा है। गांधी नगर में नरसिंह कुटी के पीछे बस्ती में गलियां इतनी तंग है कि यहां आग लगने पर दमकल का पहुंचना संभव नहीं है।
ग्रांटगंज में शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल के आस पास तंग गलियों में मुश्किल से दो पहिया वाहन निकल पाते है। यहां ई रिक्शा भी नहीं पहुंच पाता है। शेखनपुरा में मुन्ना चौराहा के आस पास की बस्ती, दुबियानापुरा, मलकपुरा आदि में तंग गलियों में आग लगने पर दमकल के पहुंचने की कोई व्यवस्था नहीं नहीं है। लोगों ने गलियों के बाहर रैंप बना लिए और बाद में कब्जा कर लिया जिससे गलियों की चौड़ाई कम होती गई। अब स्थिति ऐसी है कि इन गलियों में आग का खतरा बढ़ गया है। इन गलियों में एसी लग रहे है जिससे एसी से आग लगने पर सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। इन गलियों में निकासी की अलग से कोई व्यवस्था नहीं है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि बस्ती में गलियां साल दर साल तंग होती जा रही है। दमकल के पास भी इन तंग गलियों में वाहन ले जाने की कोई व्यवस्था नही है। फायर टैंकर इन गलियों में नहीं पहुंच सकते। इन गलियों में बिजली के तार के गुच्छा समस्या को और बढ़ा रहे है। बिजली केबल के जलने य फाल्ट होने पर यहां आग का खतरा है। दिल्ली की घटना के बाद इन क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


