
पीएम फसल बीमा घोटाले की गूंज दिल्ली तक
Mohoba News - सांसद के पत्र पर लिया संज्ञान, जांच के निर्देश नटवरलालों के फंसने के बनने लगे आसार
महोबा, संवाददाता। प्रधानमंत्री फसल बीमा घोटाले की गूंज केंद्र सरकार तक पहुंच गई है। क्षेत्रीय सांसद की शिकायत पर केंद्रीय कृषि मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को जांच करा रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए है। दिल्ली तक मामला गूंजने के बाद अब और घोटालेबाजों के फंसने के असार बनने लगे है। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा के नाम पर फर्जीवाड़ा हुआ। नटवरलालों ने वन विभाग, तालाब, नदी और पहाड़ों की भूमि पर फसल बीमा करा क्लेम हड़प लिया। जांच में घोटाला उजागर हुआ। सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने पूरे मामले को उठाते हुए शासन को पत्र लिखा।

मामला शासन तक पहुंचा। कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान ने डीएम को जांच करा रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए है। सांसद ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की भलाई लिए संघर्ष जारी रहेगा। केंद्र सरकार तक मामले की गूंज पहुंचने के बाद आने वाले दिनों में मामले में और कार्रवाई के असार दिखने लगे है। नटवरलालों ने जिले में 40 करोड़ से अधिक का घोटाला किया है। मप्र, राजस्थान, बिहार सहित अन्य राज्यों सहित जालौन, छतरपुर, बांदा और चित्रकूट के नटवरलालों ने फर्जीवाड़ा कर किसानों के हक को डकारने का काम किया है। बीमा कंपनी इफको टोकियो के जिला प्रबंधक निखिल सहित 26 के खिलाफ अब तक केस दर्ज किए जा चुके है जिसमें 16 की गिरफ्तारी हो चुकी है। बीमा कंपनी के कर्मचारियों की मदद से हुआ घोटाला महोबा। नटवरलालों ने बीमा कंपनी के कर्मचारियों से सांठ गांठ कर खेल किया। जिन गांवों में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है उन गांवों में फर्जीवाड़ा किया गया। पोर्टल पर भू स्वामी व बटाईदार बनकर बीमा कराया गया। चकबंदी प्रक्रिया के गांवों का डाटा प्रदर्शित नहीं होता इसी का नटवरलालों ने फायदा उठाया। कूट रचित अभिलेख लगाकर फर्जीवाड़ा किया गया। जांच के नाम पर बीमा कंपनी के कर्मचारियों ने फर्जीवाड़ा पर पर्दा डालने का काम किया। टोल फ्री नंबर पर नुकसान की जानकारी के बाद बीमा कंपनी के कर्मचारी जांच करते है। बीमा कंपनी के कर्मचारियों की सांठ गांठ से फर्जीवाड़ा किया गया। सीबीआई से जांच की उठ रही मांग महोबा। फसल बीमा में हुए भ्रष्टाचार के विरोध में तहसील परिसर में पिछले 102 दिनों से जय जवान जय किसान एसोसिएशन के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत का कहना है कि अब तक बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। कृषि विभाग के बीमा पटल सहायक पर कार्रवाई के बाद भी अब तक मामले में कई नटवरलाल पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए है। पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




