
ई रिक्शा बढ़ने से जाम की समस्या हो रही विकराल
Mohoba News - शहर में ई रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही आए दिन जाम लगने से लोग हो रहे परेशान
महोबा, संवाददाता। ई रिक्शा की बढ़ती संख्या जाम का कारण बन रही है। हर रोज शहर में जाम की समस्या से लोग दो चार हो रहे है। बस परमानंद तिराहा से बस स्टैंड और सुभाष चौक से उदल चौक जाम के मुख्य केंद्र है। ई रिक्शा जाम का मुख्य कारण बन रहे है। जिले में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है मगर सड़कों की चौड़ाई कम हो रही है। पटरी पर अतिक्रमण से सड़क सिकुड़ रही है जिससे जाम की समस्या बढ़ रही है। पिछले तीन साल की बात करें ता ई रिक्शा की संख्या तेजी से बढ़ गई है।
अगर शहर की बात करें तो ई रिक्शा की संख्या 1500 तक पहुंच गई है। ई रिक्शा सवारियों के लिए बस स्टैंड से लेकर बाजार में दिन भर फर्राटा भरते है। जिससे आए दिन जाम की समस्या लोगों को हलाकान कर रही है। हमीरपुर चुंगी से परमानंद और बस स्टैंड तक सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बस स्टैंड में ई रिक्शा सवारियों के लिए सड़क किनारे पटरी पर डटे रहते है जो जाम का कारण बन रहा है। उधर सुभाष चौक से लेकर ऊदल चौक और मुख्य बाजार में भी ई रिक्शा की धमाचौकड़ी लोगों के लिए परेशानी बन रही है। कम किराया में आसानी से ई रिक्शा उपलब्ध हो जाता है इसलिए लोग ई रिक्शा को पसंद कर रहे है। ई रिक्शा दिन भर भवन निर्माण सामग्री सहित टेंट आदि का सामान लेकर निकलते है। ई रिक्शा का प्रयोग सवारियों को ढोने के साथ सीमेंट, सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री को ले जाने में किया जा रहा है। सवारियों के लिए ई रिक्शा चालक तंग गली से लेकर राजमार्ग तक फर्राटा भर रहे है। बुधवार को बाजार में दिन के 12 बजे ई रिक्शा की धमाचौकड़ी देखने को मिली। ई रिक्शा के चलते शारदा चौक से सराफा बाजार तक जाम की समस्या दिखी। यहां के लोगों का कहना है कि यह रोज की समस्या बन गई है। उधर कानपुर सागर राजमार्ग में डाक बंगला तिराहा से लवकुशनगर मार्ग तक ईिरक्शा दिन भर फर्राटा भरते हुए देखे गए। नगर के प्रशांत कुमार का कहना है कि ई रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही है जिससे जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। ई रिक्शा क समस्या के निस्तारण के लिए रिक्शा का रूट निर्धारण होना चाहिए जिससे समस्या को कम किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




